×

15 लाख की लागत से रोशन होंगे बस्तियों के मार्ग

निगम प्रत्येक बस्ती में करवाएगा 18 लाख का कार्य

 
शहर की हर बस्ती में होंगे विकास कार्य शुरू

उदयपुर 28 नवंबर 2022 । नगर निगम की गन्दी बस्ती सुधार समिति की बैठक सोमवार को अध्यक्ष देवेन्द्र साहु की अध्यक्षता में आयोजित की गई इस दौरान उपमहापौर पारस सिंघवी भी उपस्थित रहे।

गंदी बस्ती सुधार समिति अध्यक्ष देवेंद्र साहू ने बताया कि सोमवार को शहर की कच्ची बस्तियों में विभिन्न विकास कार्यों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपमहापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कच्ची बस्तियों में विकास को लेकर किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रखनी है। शहर में हर स्थान पर विकास कार्य संपादित हो रहे हैं तो हमें कच्ची बस्तियों में रहने वाले निवासियों को भी मूलभूत सुविधा प्रदान करनी होगी। पानी, सड़क बिजली पर सभी का हक है और उन्हे यह हक हमे देना होगा। 

बैठक में ही उपमहापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर सभी 7 बस्तियों में 18-18 लाख रुपए की लागत के विकास कार्य प्रारंभ करवाने का निर्णय लिया गया। शहर में कुल 9 नोटिफाइड कच्ची बस्तियों में 2 बस्तियों को छोड़ कर सभी 7 बस्तियों में प्रत्येक में 18 लाख रूपये लागत से नई सड़क, नाली मरम्मत एवं विविध निर्माण कार्य हेतु जारी किये गये। बैठक में लगभग 1.26 करोड़ के कार्यों की स्वीकृति जारी कि गई। 

15 लाख की लागत से रोशन होंगे मार्ग।

कच्ची बस्ती सुधार समिति की बैठक में अध्यक्ष देवेंद्र साहू द्वारा बस्तियों में रात्रि को प्रकाश व्यवस्था उपयुक्त नहीं होने से अवगत कराया गया। संज्ञान में आने के बाद उपमहापौर पारस सिंघवी ने जल्द ही प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। बैठक में 15 लाख रुपए का बजट अनुसार कार्य प्रस्तावित किया गया। जल्द ही कच्ची बस्तियों में रोड लाइट लगाकर समुचित प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी।

बैठक में उपमहापौर पारस सिंघवी, महेन्द्र भगोरा, सदस्य चन्द्र प्रकाश सुहालका, सदस्य अरुण टॉक, सदस्या विद्या भावसार एवं सदस्या सन्तोष मेनारिया अधिशाषी अभियन्ता शशिबाला सिंह, सहायक अभियन्ता सुनिल बोड़ा एवं सहायक नगर नियोजक श्रद्धा जैन, बाबु गौरव सनाढय उपस्थित रहे।