×

आवेदन में ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाए शहरवासी

समय की बचत और कार्य की पारदर्शिता को लेकर आयुक्त राम प्रकाश ने जारी किए आदेश, तय समय पर पूरे होंगे कार्य

 

उदयपुर नगर निगम द्वारा शहर के उदयपुर जनहित में किए जाने वाले सभी कार्यों के आवेदन 1 फरवरी, 2024 से केवल ऑनलाइन ही स्वीकार करेगा।  नगर निगम आयुक्त आईएएस राम प्रकाश ने बताया कि 1 फरवरी, 2024 से नगर निगम द्वारा किए जाने वाले सभी कार्य के आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार करेगा जिससे निगम की व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार से कोई शिकायत नहीं रहे। 

वर्तमान में कई लोगों द्वारा विभिन्न कार्यों हेतु ऑफलाइन आवेदन किए जाते हैं एवं कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी हेतु निगम के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे नगर निगम अधिकारी कर्मचारियों के साथ-साथ आवेदक को भी कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। अतः निगम मे 1 फरवरी से केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। 

इन कार्यों में होगा ऑनलाइन आवेदन

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बुधवार को विभिन्न शाखाओं को नोटिस जारी कर अपने से संबंधित सभी कार्यों को ऑनलाइन ही स्वीकार करने के निर्देश जारी किए हैं। आयुक्त ने बिल्डिंग प्लान, भु-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, लीज-डीड (पट्टा), लीज मनी डिपोजिट, उप-विभाजन/पुर्नगठन, भु-उपयोग परिवर्तन नियम 2010, भु-उपयोग परिवर्तन नियम 2012, सम्पति आईडी, नगरीय विकासकर, मोबाईल टावर, अग्निशमन अन्नापति प्रमाण पत्र, ट्रेड लाईसेंस, सीवर कनेक्शन, स्ट्रीट वेन्डींग लाईसेंस आदि कार्यों हेतु संबंधित अधिकारियों को आवेदन 1 फरवरी से केवल ऑनलाइन स्वीकार करने के निर्देश दिए हैं।

आयुक्त ने की अपील

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने आवेदन कर्ताओं को अपील करते हुए कहा है कि आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज जिनकी सूची इ मित्र संचालकों को उपलब्ध करवाई गई है उन्हे पूरी तरह अपलोड करें जिससे उस कार्य को निस्पादन करने में कोई समस्या नहीं हो। यदि आवेदक से नगर निगम द्वारा और भी किसी आवश्यक दस्तावेज की मांग की जाती है तो भी आवेदनकर्ता मांगे गए दस्तावेज भी ऑनलाइन सम्मिलित करवा सकेगा। 

कार्य प्रगति की भी मिलेगी संपूर्ण जानकारी

आयुक्त ने बताया कि आवेदनकर्ता को अपने कार्य प्रगति और वर्तमान स्तिथि की संपूर्ण जानकारी भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। इससे कार्यों में पारदर्शिता भी आएगी। निगम के संबंधित कर्मचारी-अधिकारियो की जिम्मेदारी भी तय होगी। लोग घर बैठे ही अपने कार्य की प्रगति रिपोर्ट जान सकेंगे।

तय सीमा में होंगे सभी कार्य

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने पूर्ण रूप से आश्वत किया है की जो भी कार्य जिनका ऑनलाइन आवेदन किया गया है वह सभी कार्य सरकार द्वारा तय की गई सीमा के अंतराल में ही संपूर्ण होंगे। इसमें किसी भी प्रकार की कोई कोताही नहीं रहेगी। इस हेतु पहले ही नगर निगम अधिकारी कर्मचारियों को पाबंद किया जा चुका है।

परेशान होते हैं अधिकारी कर्मचारी

निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि कई बार लोग ऑफलाइन आवेदन करने के अपने कार्य को प्रगति की जानकारी हेतु नगर निगम के चक्कर लगाकर संबंधित शाखाओं के अधिकारियों से पूछताछ करते हैं। इस कारण अधिकारी कर्मचारियों को भी कई प्रकार से समस्या होती है साथ ही आवेदन कर्ता को भी समय एवं धन की हानि होती है।