×

नगर निगम ने अपने हाथों में लिया मुक्ति धामों का प्रबंधन

कोविड संक्रमितों के अंतिम संस्कार के लिए निगम कर्मचारियों की लगाई ड्यूटी

 

मुक्तिधामों पर दो पारियों में निगम कर्मचारियों की ड्यूटी

उदयपुर, 30 अप्रेल 2021 । कोरोना संक्रमितों की मृत्यु होने पर श्मशान स्थल पर अंत्येष्टि व्यय की व्यवस्था नगर निगम ने अपने हाथों में ले ली है। अब तक श्मशान स्थल का प्रबंधन नगर निगम के पास नहीं था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से अंत्येष्टि के लिए अवैध वसूली की शिकायतों को देखते हुए अब श्मशान स्थल पर कोरोना संक्रमितों की अंत्येष्टि के लिए नगर निगम ने नए सिरे से व्यवस्था की है। नगर निगम आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ ने शुक्रवार को शहर के रानी रोड और अहिंसापुरी सहित विभिन्न श्मशान स्थलों का दौरा कर वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निगम आयुक्त हिम्मत सिंह बारहठ ने बताया कि शहर के श्मशान स्थलों में परंपरागत रूप से कुछ जातियां कई पीढि़यों से अंतिम संस्कार करवाने का काम करती आई हैं। कोरोना संक्रमण की वजह से पिछले कुछ समय से माहौल ऐसा हो गया है कि श्मशान स्थलों पर अंतिम संस्कार करवाने के बदले कुछ लोग अवैध रूप से वसूली करने लगे हैं। नगर निगम ने अब श्मशान स्थलों का प्रबंधन भी अपने हाथों में ले लिया है। एमबी अस्पताल और ईएसआईसी से कोरोना संक्रमण की वजह से मृतकों के शव श्मशान स्थल तक पहुंचाने के लिए पहले से ही निःशुल्क एम्बुलेंस लगा रखी है।

मुक्तिधामों पर दो पारियों में निगम कर्मचारियों की ड्यूटी

नगर निगम आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ ने शुक्रवार को एक आदेश जारी कर शहर के सभी मुक्तिधामों पर दाह संस्कार की व्यवस्था के लिए निगम कर्मचारियों की दो पारियों में ड्यूटी लगाई है। अशोक नगर, आयड़, रानी रोड, अहिंसापुरी, सेक्टर 11, रेती स्टैण्ड सबसिटी सेंटर, सेक्टर 3 और प्रताप नगर स्थित मुक्तिधाम पर सुबह 6 से दोपहर 1 बजे और दोपहर 1 से रात 8 बजे तक दो पारियों में दो-दो कर्मचारी सफाई व्यवस्था के साथ अंतिम संस्कार की व्यवस्था देखेंगे।

सफाई निरीक्षकों को किया पाबंद

स्वास्थ्य अधिकारी ने शुक्रवार को एक आदेश जारी कर आमजन से मुक्तिधाम पर किसी भी प्रकार की वसूली न हो यह सुनिश्चत करने के लिए सफाई निरीक्षक, प्रभारी व जमादार को पाबंद किया है। शहर के मुक्तिधामों पर कोरोना संक्रमण से मृत लोगों के दाह संस्कार के लिए सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक को इन कर्मचारियों को पीपीई किट, मास्क व ग्लव्ज उपलब्ध करवाने के आदेश जारी किए गए हैैं।