सीज संपत्तियों का नगर निगम करेगा भौतिक सत्यापन

पूर्व एवं वर्तमान समय का फिर से होगा सत्यापन
 
UMC

उदयपुर 4 अप्रैल 2025। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश के निर्देश पर निगम द्वारा जनवरी 2024 से मार्च 2025 के मध्य सीज की गई संपत्तियों का भौतिक सत्यापन करवाया जाएगा। राजस्व और भवन शाखा 7 दिन में समस्त ऐसी सम्पत्तियों जो विभिन्न कारणों से सीज की गई हैँ उनका भौतिक सत्यापन कर  रिपोर्ट अग्रिम कार्यवाही हेतु आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि कुछ समय पूर्व शिकायत प्राप्त हुई कि निगम द्वारा सीज संपत्तियों के भौतिक रूप से परिवर्तन किया जा रहा है, जबकि ऐसा कार्य करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। इसी करण नगर निगम द्वारा जनवरी 2024 से मार्च 2025 के मध्य सभी सीज की गई संपत्तियों की फिर से मौका निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन कराई जाएगी एवं सीज के वक्त एवं वर्तमान समय के भौतिक स्वरूप को पुनः सत्यापित किया जाएगा। 

सत्यापन में यह जांच की जाएगी कि संपत्ति मालिक द्वारा उसके भौतिक स्वरूप में किसी प्रकार का परिवर्तन तो नहीं किया है, यदि ऐसा कहीं पाया जाता है तो उक्त संपत्ति मलिक के खिलाफ नियम अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

आयुक्त ने बताया कि निगम की सभी शाखा प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि ऐसे समस्त सीज भवनों / परिसरों के भौतिक निरीक्षण / सत्यापन के समय फोटोग्राफ लिया जाकर सम्बंधित पत्रावली पर संधारित किया जावे । साथ ही भविष्य में नगर निगम द्वारा सीज किये जाने वाले, अतिक्रमण हटाने वाली समस्त कार्यवाहियों के फोटोग्राफ सम्बंधित पत्रावली के साथ प्रस्तुत किया जाना सुनिश्चित करें, जिससे सीज की गई सम्मति की संपूर्ण जानकारी पत्रावली के साथ मौजूद रहे। 

इसलिए करवाई जाती है फोटो ग्राफी

नगर निगम राम प्रकाश ने बताया कि नगर निगम द्वारा विभिन्न कारणों से निगम द्वारा संपत्तियों को सीज किया जाता है। निगम द्वारा सीज करने के दौरान सभी संपत्तियों की फोटोग्राफी एवं वीडियो ग्राफी की जाती है एवं जिससे उसकी भौतिक स्वरूप का निगम कार्यालय में दस्तावेज जमा हो सके एवं वक्त आने पर इसे सत्यापित किया जा सके।