रंगो से सराबोर हुआ उदयपुर
होली का जश्न धूमधाम से मनाया गया
उदयपुर 14 मार्च 2025 । झीलों की नगरी में होली धुलंडी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। शहर के मध्य स्थित मशहूर धार्मिक एवं ऐतिहासिक जगदीश चौक में होली का जश्न धूमधाम से मनाया गया। जहाँ न सिर्फ स्थानीय युवक युवतियां बल्कि देश विदेश के पर्यटकों ने होली धुलंडी की जमकर मस्ती की।
गुरुवार की रात को शहर के विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन किया गया। पारंपरिक होलिका दीपन महोत्सव सिटी पैलेस के एतिहासिक माणक चौक प्रांगण में हुआ। मेवाड़ राजघराने ने होलिका दीपन महोत्सव के पावन अवसर पर प्राचीनकाल से चली आ रही ऐतिहासिक धार्मिक-सामाजिक परंपराओं का भक्ति-भाव के साथ निवर्हन किया।
इस बीच होली पर्व के दिन ही रमजान का जुमा होने से पुलिस ने उदयपुर शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। सेंसेटिव इलाकों में 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
महिला सुरक्षा के लिए महिला पेट्रोलिंग टीम का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। एडिशनल एसपी उमेश ओझा ने बताया कि होली-धुलंडी और धुलंडी पर ही जुमे की नमाज होने के कारण पुलिस अलर्ट मोड पर है। शहर के हर थाना क्षेत्र में दो-दो सेंसेटिव जोन हैं। इन जोन में 130 प्वाइंटों पर 300 से ज्यादा नए सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। संबंधित थानों से इनकी मॉनिटरिंग होगी। इसके लिए थानाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं।
महिला पेट्रोलिंग टीम और कालिका टीम में अभी 20 महिला जवान हैं। इन्हें 100 कर दिया गया है। ये महिलाओं-युवतियों से छेड़छाड़ पर तुरंत एक्शन लेंगी। ये अवैध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया है।
Image Credit By Lakhan Sharma