×

घूसखोरी के आरोप में एसीबी ने हैड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया 

अंबामाता थाने में पदस्थापित है आरोपी हेडकांस्टेबल
 
पहले जुआ एक्ट के केस में परिवादी को गिरफ्तार किया, फिर मांगी रिश्वत

उदयपुर 13 फरवरी 2020। उदयपुर में एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने आज अम्बामाता थाना में पदस्थापित हेडकांस्टेबल महेंद्र सिंह को पंद्रह हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तार हेड कांस्टेबल से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।  इससे पूर्व दो दिन पहले भी जिले के खेरवाड़ा थाना प्रभारी भंवर लाल विश्नोई को ढाई लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था।  

एसीबी की पूछताछ में सामने आया कि रिश्वत की 15 हजार रुपए की रकम के साथ हेडकांस्टेबल ने कम्यूटर के लिए भी रकम की मांग की थी। एसीबी ट्रेप की यह कार्रवाई एएसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में पुलिस इंस्पेक्टर हरीशचंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने की। एसीबी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी महेंद्र सिंह निवासी गांव नानसा, तहसील रायपुर, जिला भीलवाड़ा है। वह उदयपुर शहर के अंबामाता थाने में पदस्थापित है।  

मामले में नरेंद्र शर्मा निवासी उदयपुर ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि आरोपी महेंद्र सिंह ने उसके खिलाफ जुएं का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जुएं की मासिक हफ्तावसूली के रुप में 15000 रुपये और कम्यूटर के लिए और रकम की मांग करने लगा। तब एसीबी ने सत्यापन के बाद गुरुवार को योजना के मुताबिक परिवादी को रिश्वत की रकम देकर महेंद्र सिंह के पास भेजा, जहां रिश्वत लेते ही ईशारा मिलने पर एसीबी ने महेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।