×

अशोक नगर में जैनम ज्वेलर्स पर लूटपाट मारपीट के बाद आयड़ इलाके में फायरिंग  

जैनम ज्वेलर्स पर लूटपाट और हत्या के बाद आयड़ की तरफ भागे बदमाशों ने फायरिंग की

 

उदयपुर 21 मार्च 2024। शहर के आयड़ क्षेत्र में चारभुजा मंदिर के पीछे की गली में आज दो बदमाशों ने दोपहर में सरेआम फायरिंग कर क्षेत्रवासियो में दहशत फैला दी। वहीँ इन बदमाशों ने अशोक नगर में जैनम ज्वेलर्स में भी लूटपाट कर उसके मालिक को घायल कर दिया और वहाँ से भागे। लूटपाट के दौरान मारपीट में घायल हुए जैनम ज्वेलर्स के मालिक अनिल जैन की उपचार के दौरान मौत हो गई। 

आयड़ क्षेत्रवासी आबिदा बानू ने बताया कि वह दोपहर में बाहर बैठी थी और उसका बेटा साजिद घर के बाहर खड़ी एक्टिवा स्कूटर पर बैठा था। तभी, उनकी गली के पीछे नदी की तरफ से दो युवक आए, जिनमे से एक के कंधे पर काला बेग था। यह बैग इन युवको ने अशोक नगर स्थित जैनम ज्वेलर्स से चोरी किया था और वहीँ से भाग कर यह आयड़ की तरफ आये। 

आने वाले युवको में से एक ने साजिद से एक्टिवा छीनने का प्रयास किया, लेकिन साजिद के विरोध करने पर युवक ने अपनी जेब से पिस्तल निकालकर साजिद पर तीन फायर किये। साजिद को गोली नहीं लगी। पिस्तल से फ़ाइरिंग करते हुए बदमाश ने साजिद की एक्टिवा ली और फरार हो गया, जबकि दूसरा बदमाश जो पहले वहाँ होते हुए भाग, को क्षेत्रवासियों ने पकड़ लिया और मार पीट कर के पुलिस के हवाले कर दिया।

लोगो की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ASP उमेश ओझा, DSP छगन पुरोहित, प्रतापनगर CI भरत योगी ने मामले की जांच और पकडे गए बदमाश से पूछताछ शुरू कर दी है। 

पुलिस की पकड़ से भागने का किया प्रयास, पुलिस ने पैरो में मारी गोली 

जिस बदमाश को लोगो ने पुलिस के हवाले किया जब उन्हें थाने ले जाया गया तो उस बदमाश ने पुलिस पर बन्दूक तानकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके पैरो में गोली मार दी। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल बदमाश का नाम विकास चौधरी बताया जा रहा है। और साथ में यह जानकारी भी मिल रही है की घटना में दो नहीं, तीन लोग शामिल है। दुसरे बदमाश का नाम आशीष चौधरी बताया जा रहा है। जबकि तीसरे बदमाश का नाम संदीप चौधरी बताया जा रहा है। तीनो बदमाश हरियाणा के रोहतक ज़िले के निवासी है।      
   

जैनम ज्वेलर्स में लूटपाट और हत्या 

प्राप्त जानकारी के अनुसार बदमाशों ने अशोक नगर स्थित जैनम ज्वेलर्स की शॉप में घुसकर लूटपाट की। लूटपाट के दौरान जैनम ज्वेलर्स के मालिक अनिल जैन के साथ मारपीट कर मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण वह गंभीर घायल हो गए। लूटपाट कर चोरी का माल काले बैग में लेकर फरार हो गए जो की आयड़ में फायरिंग के दौरान उनके साथ था। आयड़ फायरिंग की घटना CCTV में कैद हो गई है। जैनम ज्वेलर्स के मालिक अनिल जैन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का भी मामला दर्ज कर लिया है।