×

4 लाख और जेवरात लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन

पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुकी पूजा के खिलाफ इंदौर के परदेशीपुरा थाने में मामला भी दर्ज है।

 

उदयपुर 8 जनवरी 2022 । शहर में लुटेरी दुल्हन का सनसनी खबर सामने आई है जहाँ दुल्हन शादी के तीसरे दिन ही दूल्हे को 3 लाख रूपये और एक लाख रूपये चाचा के इलाज के नाम पर चूना लगा कर फरार हो गयी। पीड़ित ने अपने साथ हुई धोखाधडी का मामला जिले के एसपी के समक्ष रखते हुए अपनी आप बीती सुनाई।  

पुलिस में मामला दर्ज करवाते हुए पीड़ित कमलेश साहू 31 वर्षीय निवासी लखावली ने बताया की उन्होंने 1 दिसम्बर 2021 को पूजा चौधरी नामक युवती से शादी की थी। शादी करने से पहले युवती ने पीड़ित के परिवार से यह शर्त रखी थी की वह उसके परिवार पर 3 लाख का कर्ज है। दूल्हा ये कर्ज चुकाएगा। इसी शर्त पर शादी की गई। शादी के बाद कर्जा चुकाने के 3 लाख रुपए, 1 लाख चाचा के इलाज के लिए, 5 तोला सोना और आधा किलो चांदी के जेवर लेकर भाग गई। 

पीड़ित कमलेश साहू उदयपुर की एक मार्बल फैक्ट्री में काम करता है। उसके किसी रिश्तेदार ने इंदौर में रहने वाली शारदा देवी नाम की महिला से मिलवाया। उस महिला ने कमलेश को बताया कि पूजा चौधरी नाम की 32 साल की युवती है। उसके परिवार पर 3 लाख का कर्ज है। अगर वह कर्जा उतार दें तो दोनों की शादी हो सकती है। कमलेश का डेढ़ साल पहले तलाक हुआ था। ऐसे में कमलेश उनकी बात मान गया और शादी में 3 लाख रुपए के साथ -साथ 5 तोला सोने के और आधा किलो चाँदी के गहने भी दिए। तत्पश्चात उदयपुर कोर्ट में पेश होकर विवाह का ईकरार नामा भी बनवाया।

नकद ले कर फरार, पीड़ित ने सम्पर्क करने की कोशिश की तो फ़ोन मिला बंद 

पीड़ित कमलेश ने बताया कि शादी के 3 दिन बाद ही पूजा की मां का लक्ष्मी चौधरी का फोन आया। कहा कि उसके चाचा की तबीयत बिगड़ गयी है इतना कह कर इंदौर वापस आने की बात कही। चाचा के इलाज के लिए कमलेश से 1 लाख रुपए लेकर इंदौर जाने लगी। इसी दौरान जब कमलेश ने पूजा के साथ इंदौर जाने की जिद की, मगर पूजा नहीं मानी। 

4 दिसम्बर को वह शादी में दिए 3 लाख रुपए, चाचा की बीमारी का बहाना बना कर और शादी के गहने लेकर चली गई। अगले दिन जब पूजा ने कमलेश का  फोन उठाना बंद कर दिया। कुछ दिन बाद जब कमलेश अपने परिवार के साथ इंदौर पहुंचा तो घर पर ताला लटका मिला। आस पास के पड़ोसियों ने बताया कि परिवार मकान खाली कर चला गया।

सारी वारदातों का पता लगने पर कमलेश ने धोखाधड़ी करने बाबत पूजा चौधरी, उसकी माँ लक्ष्मी और भाई अशोक चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जांच अधिकारी नारायण सिंह ने बताया की पुलिस मामले छानबीन कर रही है। मामले की अग्रिम अनुसन्धान के लिए इंदौर भी जाएगी।