Dungarpur-नयागांव कस्बे में चाकू मारकर हत्या
आक्रोशित लोगों ने शनिवार सुबह आसपुर सागवाड़ा मार्ग को जाम कर दिया
डूंगरपुर 2 नवंबर 2024। ज़िले के आसपुर थाना क्षेत्र के नयागांव कस्बे में शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे बाइक पर आए दो बदमाशों ने एक किराना दुकान पर बैठे एक व्यक्ति की चाकू से वार कर हत्या कर दी।
इस दौरान दुकान के मालिक को कंधे पर चाकू लगने से घायल कर दिया गया। शव को सागवाड़ा मोर्चरी में रखवाया गया है, जबकि घायल को सागवाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने शनिवार सुबह आसपुर सागवाड़ा मार्ग को जाम कर दिया। एक घंटे की समझाइश के बाद DSP ने जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार नयागांव में किराना दुकान पर बाइक पर सवार होकर दो व्यक्ति आए और उन्होंने दुकान के मालिक भोपाल सिंह से सिगरेट और सुपारी देने को कहा। इसी दौरान उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। इस पर दुकान में बैठे नेपाल सिंह, मेघजी पाटीदार और रामलाल मीणा ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों में लड़ाई हो गई।
नेपाल सिंह जैसे ही दुकान के बाहर आए, एक बदमाश ने उनका कॉलर पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने पीछे से चाकू से तीन-चार वार कर दिए। इससे नेपाल सिंह वहीं गिर पड़े। तुरंत ही दुकान में बैठे तीनों लोगो ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इस बीच दुकान मालिक पर भी कंधे पर चाकू से वार कर दिया गया। इस दौरान भीड़ जमा हो गई, जिसने बदमाशों की पिटाई कर दी। बदमाश मौके पर बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।
घायल नेपाल सिंह को सागवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई, जबकि घायल भोपाल सिंह का इलाज जारी है। चाकू से हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही पूंजपुर चौकी इंचार्ज एएसआई गजेंद्र सिंह राव सहित समाज के कई लोग मौके पर पहुंचे।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार सुबह मृतक युवक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आसपुर सागवाड़ा मार्ग जाम कर दिया। सूचना मिलने पर डीएसपी हनुमंत सिंह भाटी, दोवड़ा थानाधिकारी मदन लाल खटीक, और आसपुर थानाधिकारी दौलत सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
इस दौरान प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। डीएसपी द्वारा समझाइश के बाद लोगों ने जाम हटा लिया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
मृतक नेपाल सिंह का एक लड़का और एक लड़की है और वह एक निजी स्कूल में बस कंडक्टर के रूप में काम कर रहा था।