{"vars":{"id": "74416:2859"}}

गोवर्धन विलास में सूने मकान से लाखों के आभूषण और नकदी ले उड़े चोर

पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया

 

उदयपुर 9 जून 2025 | शहर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।  चोर मकान से लाखों रुपए के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी पवन लौहार अपने परिवार के साथ कुराबड़ परसादी में गए हुए थे। इस दौरान चोरों ने उनके सूने मकान में घुसकर ताले तोड़े और घर में रखे करीब 12 तोला सोना, 10 किलो चांदी और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।

बताया जा रहा है कि यह वारदात तड़के सुबह करीब 4 बजे के आसपास हुई। जब परसादी से लौटने के बाद परिवार ने घर के ताले टूटे और सामान बिखरा देखा, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चोरी की जानकारी मिलते ही कॉलोनी में सनसनी फैल गई।

 सूत्रों के अनुसार, चोरों ने कॉलोनी के अन्य मकानों में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। मौके पर पहुंची गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कॉलोनी के निवासियों से पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।