×

भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार 

25 नवंबर की रात को मृतक शांतिलाल चव्हाण की हत्या कर दी गई थी

 

उदयपुर 4 दिसंबर 2023। ज़िले ​के फलासिया थाना क्षेत्र में 9 दिन पहले मतदान के दिन भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एडिशनल एसपी पर्वत सिंह ने बताया कि आरोपी रूपलाल पिता शांतिलाल चव्हाण व उसके सगे भाई अर्जुनलाल पिता शान्तिलाल चव्हाण को गिरफ्तार किया है।

आरोपी रूपलाल चव्हाण ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह सोम जैर फला जंगल में अवैध गांजे की खेती करता है जिसके बारे में मृतक कान्तिलाल चव्हाण को पता लग गया। ऐसे में कांतिलाल आए दिन रुपलाल को धमकी देता रहता था कि वह उसे फंसवा देगा। रूपलाल ने बताया कि इसी बात को लेकर वह उसे परेशान करता था। ऐसे में 25 नवंबर को रूपलाल और उसके भाई अर्जुनलाल को पता लगा कि कांतिलाल सोम की तरफ से रात के समय अकेला घर आ रहा है तभी मौके का फायदा उठाकर दोनों भाईयों ने शांतिलाल को घेर लिया।

रूपलाल और अर्जुनलाल ने शांतिलाल के सिर पर डंडे से कई वार किए और पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी दोनों भाई वहां से फरार हो गए। जिसके बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल स्विच आफ कर लिए। पुलिस ने दोनों की तलाश करते हुए सोम-सरवण के जंगलों से गिरफ्तार किया है।

यह था पूरा मामला

बता दें, 25 नवंबर की रात को मृतक शांतिलाल चव्हाण की हत्या कर दी गई थी। उस दिन मतदान दिवस था। ऐसे में शांतिलाल सुबह से शाम तक मतदान कराने के काम में जुटा हुआ था। शाम को काम से फ्री होकर जब वह घर लौटा तो अज्ञात बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी थी।

रास्ते में उसका शव रातभर पड़ा रहा। सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर शांतिलाल के बच्चों को चिंता हुई तो वे तलाशने के लिए निकले। तभी उन्होंने रास्ते में शांतिलाल का शव देखा। घटना सामने आने के बाद झाड़ोल विधायक बाबूलाल खराड़ी, मंडल अध्यक्ष भोपाल सिंह सहित कई नेता मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद देहात जिला अध्यक्ष चन्द्रगुप्त चौहान और सांसद अर्जुनलाल मीणा भी मृतक के घर पहुंचे थे और उनके परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की थी।