×

मोबाईल साइन्स लैब ने विभिन्न प्रयोगों व मॉडल का किया प्रदर्शन

विज्ञान समिति एवं डॉ.डी एस कोठारी संस्थान

 

उदयपुर। डॉ.डी.एस.कोठारी शोध एवं शिक्षा संस्थान द्वारा प्रायोजित,अगस्त्या फाउन्डेशन बेंगलूरु द्वारा संचालित मोबाइल साइन्स लेब ने शहर के विद्यार्थियों के समक्ष भौतिक विज्ञान, खगोल विज्ञान एवं मानव शरीर से सम्बन्धित प्रयोगों व मॉडल का प्रदर्शन किया।

विज्ञान समिति द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में समिति की प्रयोगशाला में उपलब्ध उपकरणों व प्रयोगों का भी प्रदर्शन किया गया। समिति के महासचिव प्रकाश तातेड ने बताया कि इस कार्यक्रम में महावीर एकेडमी सी. सै. स्कूल, जवाहर जैन शिक्षण संस्थान उ.मा. विद्यालय, आदिनाथ सी. सै. स्कूल, गुरुनानक सी.सै. स्कूल (शास्त्री सर्कल) एवं तुलसी निकेतन रेजीडेन्सीयल स्कूल के 50 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। 

अगस्त्या फाउन्डेशन के विकास स्वामी एवं शुभम् बारग ने छात्रों को अपवर्तन, गुरुत्वाकर्षण, ऊर्जा रूपान्तरण, प्रकाश, पिनहोल कैमरा, पृथ्वी, सूर्य, चन्द्रमा के मॉडल की सहायता से प्रश्नोत्तर व संवाद द्वारा प्रायोगिक कार्य सम्पन्न किया,जिससे विद्यार्थी अत्यधिक लाभान्वित हुए। 

इस अवसर पर विज्ञान समिति सभागार में मुख्य अतिथि राजेन्द्र बया ने डॉ.डी.एस.कोठारी संस्थान के प्रथम बुलेटिन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष इंजी. आर के चतुर ने की। कार्यक्रम में कुल प्रमुख डॉ.के.एल कोठारी ने विज्ञान समिति की विकास यात्रा को प्रस्तुत किया। इससे से पूर्व वैज्ञानिक डॉ.सुरेन्द्र पोखरना ने घर-घर में विज्ञान और घर घर में नवाचार योजना का परिचय दिया। 

डॉ.महीप भटनागर ने बालकों को विज्ञान शिक्षण के लिए क्यों व कैसे को आधार बनाने का आह्वान किया। डॉ.के.पी.तलेसरा ने कार्यक्रम का संयोजन किया। के एस सामोता ने अगस्त्या फाउन्डेशन के कार्यक्रमों की जानकारी दी। अंत में डॉ.के एल तोतावत ने आभार व्यक्त किया।