×

दीपावली मेला- 2 नवंबर से 16 नवंबर तक

पहले 2 दिन स्थानीय प्रतिभाओ को मिलेगा मौका

 

उदयपुर 6 अक्टूबर 2023 । नगर निगम उदयपुर द्वारा आयोजित होने वाले दीपावली मेले की तैयारियां शुरू हो चुकी है। शहर की स्थानीय प्रतिभाओं को मौका मिले इस हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रथम दो दिन इन्हे मौका दिया गया है साथ ही इसमें विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्षा चंद्रकला बोल्या ने बताया कि मेले में शहर वासियों एवं आने वाले पर्यटकों को पूरा मनोरंजन मिले ऐसी व्यवस्था की जा रही है। निगम के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी गण इस कार्य हेतु जुड़ चुके हैं। 

दीपावली मेला 2 नवंबर से 16 नवंबर तक नगर निगम प्रांगण टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम 2 नवंबर से 8 नवंबर तक आयोजित किए जाएंगे। आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम 2 दिन स्थानीय उभरती हुई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध करवाया जाएगा जिससे वह अपनी प्रस्तुति देकर अपना स्तर तय कर सके। 

ज्ञात रहे नगर निगम द्वारा प्रतिवर्ष स्थानीय प्रतिभाओं को निशुल्क मंच उपलब्ध करवाया जाता है जहां पर वह अपनी प्रतिभा का प्रस्तुतीकरण कर सके। इच्छुक प्रतिभागी/ कलाकार जिनकी आयु 12 वर्ष से 40 वर्ष के मध्य है वह दिनांक 10.10.2023 से 18.10.2023 तक नगर निगम की राजस्व शाखा से आवेदन निःशुल्क प्राप्त कर सकते। है। आवेदन पत्र जमा करने की अन्तिम दिनांक 19.10.2023 सायं 5.00 बजे तक रहेगी। चयनित प्रतिभागियों को नगर निगम द्वारा अलग से सूचित किया जायेगा।इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित दिनांक तक अपने आवेदन आवश्यक रूप से जमा करावे तथा अंतिम दिनांक समाप्ति पश्चात् आवेदन स्वीकार नहीं किये जायेंगे। इस सम्बन्ध में समस्त जानकारी हेतु मोबाईल न. 9587228872 पर सम्पर्क कर सकते है।

निगम में आयोजित हुई बैठक

नगर निगम दीपावली मेला समारोह प्रशासनिक समिति की बैठक शुक्रवार को उपमहापौर पारस सिंघवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई बैठक में सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या, वेणीराम सालवी, हेमन्त बोहरा, रूचिका चौधरी, कुलदीप जोशी, आशीष कोठारी, रेखा ऊंटवाल, सोनिका जैन, छोगालाल भोई, महेश त्रिवेदी, मदन दवे, मनोहर चौधरी, महेन्द्र भगोरा, लोकेश गौड, अरूण टाक, निगम एससी मुकेश पुजारी, नितेश भट्नागर रितेश पाटीदार, शुभम माहेश्वरी, सत्यनारायण शर्मा, लखनलाल बैरवा आदि उपस्थित रहें। 

बैठक में मेले को सुव्यवस्थित आयोजित करने के उद्देश्य से विभिन्न 18 समितियो का गठन किया गया एवं प्रस्ताव का अनुमोदन किया। उपमहापौर सिंघवी ने सभी को निर्देशित किया कि दीपावली मेले में शहरवासियों के मनोरंजन में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहे इसको लेकर सभी व्यवस्था निगम की तरफ से सुचारू की जाए।