दीपावली मेले का रंगारंग आगाज
लगे रहे झूले, सजी रही दुकानें
उदयपुर 10 अक्टूबर 2025। नगर निगम उदयपुर द्वारा गुरुवार को दीपावली मेले का शुभारंभ किया गया। नगर निगम द्वारा आयोजित हो रहे दीपावली मेले का रंगारंग आगाज गुरुवार की संध्या को राज्य सभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, निवर्तमान उपमहापौर पारस सिंघवी, समाजसेवी गजपाल सिंह आदि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में बुलबुल भाई ने मास्टर बैंड द्वारा स्वागत धुन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का श्री गणेश किया। मेले के दौरान निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना उप आयुक्त दिनेश मंडोवरा एवं पुलिस के आला अधिकारी देर रात तक मौजूद रहे।
मेला शुभारंभ की घोषणा करते हुए राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने कहा कि नगर निगम द्वारा ऐसे मेले को आयोजित करके हिंदुस्तान की संस्कृति को जीवित रखने का अनूठा प्रयास किया जा रहा है। हमारी आने वाली पीढ़ी इसी कार्यों के माध्यम से हमें याद रखेगी। आने वाला भविष्य उदयपुर के लिए बहुत अच्छा है हमें अपना नैतिक दायित्व निभाते हुए इसके विकास में भागीदार बनना होगा।
मेला अधिकारी एवं निगम उपायुक्त दिनेश मंडोवरा ने बताया कि नगर निगम द्वारा आयोजित किए जाने वाले दीपावली मेले के उद्घाटन समारोह में निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा उपरना ओढ़ाकर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया।
मेला शुभारंभ कार्यक्रम में शहर विधायक ताराचंद जैन ने शहरवासियों को शुभकामना देते हुए कहा कि निगम हमेशा उदयपुर की जनता के हित को ध्यान में रखते हुए हर कार्य संपादित करती है एवं उदयपुर के विकास को लेकर ही निगम अपने कार्य तय करती है। निगम द्वारा वर्तमान में कई विकास कार्य उदयपुर में संपादित करवाए जा रहे हैं। इन कार्यों के अलावा निगम द्वारा इस प्रकार के मेले के आयोजन जनता के साथ-साथ पर्यटकों को और अधिक आकर्षित करते हैं।
कार्यक्रम ने नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि नगर निगम का कार्य केवल सड़क, रोड लाइट और पानी की व्यवस्था करना होता है लेकिन राजस्थान में उदयपुर नगर निगम ही एकमात्र ऐसी निगम है जो जनहित के कई कार्य के साथ शहर वासियों को स्वच्छ एवं सुंदर मनोरंजन मिले इस उद्देश्य से मेले का आयोजन करती है। यहां की प्रतिभाएं अपनी कलाओं के माध्यम से देश और दुनिया में अलग स्थान रखती है। नगर निगम प्रतिवर्ष ऐसी ही उभरती हुई प्रतिभाओं को यह मंच उपलब्ध करवाता है जो सराहनीय कार्य है। इसी मंच के माध्यम से यह प्रतिभाएं अपने प्रदर्शन में सुधार कर आगे की ओर अग्रसर होती है।
दीपावली मेला 2025 में मेलार्थियों के मनोरंजन के लिए नगर निगम प्रांगण में ही विभिन्न प्रकार के छोटे बड़े झूले लगाए जा रहे हैं, मेला प्रांगण में दुकानें लगाई गई है, जिसमें खाने-पीने से लेकर कपड़े, जूते, मनिहारी, घर के साज सज्जा के सामान उपलब्ध हैं इसके साथ ही विभिन्न राज्यों की अलग अलग कलात्मक वस्तुओं का प्रदर्शन भी किया गया है। दीपावली मेला इस बार भी 15 दिन का रखा गया है जिसमें 11 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उसके बाद भी मेला 23 अक्टूबर तक यथावत चलता रहेगा।
दुल्हन की तरह सजा निगम कार्यालय
दीपावली मेले के अवसर पर पूरे निगम कार्यालय टाउन हॉल पर विद्युत सज्जा कर दुल्हन की तरह सजाया गया है। कलाकारों को प्रस्तुति के लिए ऊंचा स्टेज बनाया गया है जिससे दूर दूर तक दर्शकों का मनोरंजन हो सके। मेले में विशेष एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई है जिससे पीछे बैठने वाले दर्शक भी आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुत्फ़ ले सके।
ज़िला कलक्टर व निगम प्रशासक मेहता, आयुक्त खन्ना ने शहरवासियों को किया आमंत्रित
उदयपुर ज़िला कलक्टर एवं नगर निगम प्रशासक नमित मेहता, निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहर की जनता को दीपावली मेले में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक मेले में अपनी उपस्थिति देकर स्वच्छ मनोरंजन का अवश्य लुत्फ़ लेवे।
उपस्थित रहे निवर्तमान समिति अध्यक्ष एवं पार्षद
नगर निगम द्वारा आयोजित हो रहे दीपावली मेले के अवसर पर निवर्तमान सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोलिया, निवर्तमान गैराज समिति अध्यक्ष मनोहर चौधरी, निवर्तमान कच्चीबस्ती सुधार समिति अध्यक्ष देवेंद्र साहू, निवर्तमान जयश्री असनानी, करनमल जारोली आदि भी उपस्थित रहे।