{"vars":{"id": "74416:2859"}}

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शहर में विविध कार्यक्रम 

सम्मान समारोह और गोष्ठियां आयोजित 

 

उदयपुर 8 मार्च 2025। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ज़िले भर में कई प्रकार के सम्मान समारोह, गोष्ठियां एवं  महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम आयोजित किये गए। 

जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान कार्यक्रम 

उदयपुर नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच पर राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया एवं जिला प्रमुख श्रीमती ममता कुंवर के आतिथ्य में महिला अधिकारिता और आईसीडीएस के तत्वावधान में कार्यक्रम हुआ।  कार्यक्रम में सांसद बोले, महिला सशक्तिकरण के बिना विकसित भारत का संकल्प साकार नहीं हों सकता, केंद्र और राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए कटिबद्ध है। 

जिला प्रमुख ने कहा, महिला आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। महिलाएं अपने निर्णय स्वयं लें तभी सच्चा सशक्तिकरण संभव है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, साथीन, आशा सहयोगिनी आदि को पुरस्कृत किया गया। 

महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति ने महिलाओं का किया सम्मान 

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में तितरड़ी स्थित मेवाड़ बीएससी नर्सिंग कॉलेज में, शनिवार को महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक पंकज कुमार शर्मा ने विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं का सम्मान किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित करना और महिलाओं द्वारा समाज में निभाई जा रही अनूठी भूमिका को सराहना था।

समिति ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया, जिनमें ग्रामीण में निकिता मेनारिया और भंवरी देवी, शिक्षा के क्षेत्र में योगिता सुथार, स्वास्थ्य  के क्षेत्र में मनीषा सैनी, और उद्यमिता के क्षेत्र में पूजा कुमावत,  किंजल,  विमला, रिंकू,सरोज, को उनके योगदान के लिए उन्हें श्रीफल, उपरना व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया इस मौके पर महिलाओं के चेहरे पर गर्व और आत्मविश्वास झलक रहा था, जो उनके संघर्षों और उपलब्धियों का प्रतीक था।

इस अवसर पर डॉ. संदीप गर्ग, विफुल जैन, निलेश खराडी, महबुब शेख, धुरीलाल, मांगीलाल, जगदीश, जयदेव, जसवंत, हार्दिक, सिद्धार्थ मेवाड़ा, मोतीराम आदि उपस्थित थे।

VBRI- महिला सशक्तिकरण-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन 

विद्या भवन रूरल इंस्टिट्यूट की नवाचार परिषद द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया । आईआईसी अध्यक्ष डॉ. हर्षित भटनागर ने बताया की संथा निदेशक डॉ. टी.पी शर्मा  ने स्वागत उद्बोधन दिया । दीप प्रज्वलन डॉ.सब ख़ान ने किया । डॉ. सरस्वती जोशी ने कविता सुनायी और फिर एक प्रेरक वार्ता में महिला सशक्तिकरण, समानता और महिला अधिकार पर चर्चा हुई। डॉ.कविता अजमेरा, डॉ. ज्योति कंठालिया, डॉ. कंचन पानेरी और डॉ. किरण आसनानी ने एक मिनट खेल और अंताक्षरी का आयोजन किया । हितरक्षिता और कोमल ने सभी महिला कर्मचारी के कुम कुम  लगा कर मौली बांध कर सबका स्वागत किया। डॉ. मनीष रावल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

मातुश्री महिला क्लब ने हर्षोल्लास से मनाया महिला दिवस व फागोत्सव

मातुश्री महिला क्लब की बहनो ने ओरिएण्टल पैलेस रिसोर्ट में अपनी संरक्षक श्रीमती कौशल्या गट्टानी की अध्यक्षता में महिला दिवस व फागोत्सव बड़े हर्षोल्लास से मनाया | मीडिया प्रभारी प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया की श्रीमती सुनीता सोनी, अम्बिका परीख़ व आभा झंवर एन्ड पार्टी ने होली के आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किये तो वहीं संतोष जैन, मंजू चौधरी, सपना वर्मा, पुष्पा पोखरना, मनोरमा परीख़ व निर्मला दुगड़ ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला जागृति और भावी चुनोतियाँ विषय पर अपने अपने विचार व्यक्त किये | 

इस अवसर पर महिला दिवस, होली व फाग के गीत प्रस्तुत किये गये | सामूहिक नृत्य करते व ग़ुलाल उड़ाते हुए सभी 80 महिलाओ ने उत्सव का भरपूर आनंद लिया | सचिव सुनीता शर्मा ने आभार व्यक्त किया व स्नेह भोज से कार्यक्रम का समापन हुआ |

प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज केंद्रों ने हर्षोल्लास से मनाया महिला दिवस

भूमिका व नारी सशक्तिकरण पर बोलते हुए बी के रीटा बहन ने कहा की नारी का सशक्त होना नितांत आवश्यक है परन्तु शक्ति का अर्थ बल प्रयोग कर उचित अनुचित बात मनवाना कतई नहीं होना चाहिए | नारी तो सदैव से संवेदनशील रही है व दया प्रेम सहयोग से पूरे परिवार को एकजुट रखते हुए सभी कार्य निष्पादित करने का सामर्थ्य रखती है, इसी में वो अपनी पूरी शक्ति लगा सफल हो पाती है | डॉ मधु सरीन ने कहा कि स्त्री पुरुष परस्पर एक दूसरे के पूरक है व मैडिटेशन से सभी को अपनी शक्तियों का विस्तार करना चाहिए | श्रीमती नैना जैन व अल्का व्यास आदि ने कहा कि ब्रह्माकुमारी केंद्र कि बहनो से मिलकर आनंद व प्रेम कि अनुभूति होने के साथ आत्मीय शांति मिलती है | ये केंद्र महिला सशक्तिकरण का एक जीवंत उद्धाहरण है | सभी ने एक दूसरे को अंतराष्ट्रीय महिला दिवस कि शुभकामनायें प्रेषित की | 

महिला शक्ति सम्मान समारोह में विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने किया नारी सशक्तिकरण का गौरव गान

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, राजसमंद द्वारा महिला शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहकर महिला सशक्तिकरण और समाज में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक कानून संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण का अधिकार देता है, जिससे देश के नीति-निर्माण में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने यह भी बताया कि जब स्वर्गीय किरण माहेश्वरी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष थीं, तब भारतीय जनता पार्टी के संगठन में भी महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण का अधिकार दिया गया था। यह पहल महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम थी।