×

2 अप्रेल की विशाल शोभायात्रा के लिए सज रहा शहर 

नववर्ष समाजोत्सव: भट्टी-भूमि पूजन के साथ सजने लगा स्टेडियम, कलश पूजन आज

 

उदयपुर 1 अप्रैल 2022 । भारतीय नववर्ष समाजोत्सव समिति व नगर निगम उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 2 अप्रेल को शहर में निकलने वाली विशाल शोभायात्रा को लेकर तैयारियों की गति बढ़ गई है। जहां एक ओर शहर को भगवा पताकाओं व फर्रियों से सजाया जा रहा है, वहीं भट्टी पूजन व भूमि पूजन के साथ ही सभा स्थल को सजाने व हजारों की संख्या में भोजन पैकेट तैयार करने का कार्य शुरू हो गया है। कलशयात्रा के लिए कलश पूजन व कलश सजाने का कार्य टाउन हॉल में शुक्रवार से शुरू होगा। 

भारतीय नववर्ष समाजोत्सव समिति के संयोजक विष्णु शंकर नागदा ने बताया कि गुरुवार को दोपहर सवा बजे शुभ मुहूर्त में महाराणा भूपाल स्टेडियम में होने वाली सभा के लिए भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही यहां मंच सज्जा, मैदान में बैठने के लिए विभक्तीकरण, झंडियों, फर्रियों, साउण्ड, एलईडी, रंग-बिरंगी लाइटें लगाने का काम शुरू कर दिया गया। मंच के सामने आकर्षक रंगोली भी बनाई जाएगी। 

शास्त्रोक्त मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन में समिति के संरक्षक हेमेन्द्र श्रीमाली, गोविन्द अग्रवाल, नगर निगम उपमहापौर पारस सिंघवी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक प्रमुख श्रीवर्धन, विभाग प्रचारक आनंद प्रताप, संघ के सह विभाग कार्यवाह डॉ. कौशल शर्मा, विश्व हिन्दू परिषद के अशोक प्रजापत, हिन्दू जागरण मंच के रविकांत त्रिपाठी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जयेश जोशी, श्रीमती मंजू शर्मा, कुंदन सोनी आदि उपस्थित थे। पं. अशोक दुबे ने पूजा सम्पन्न करवाई। 

11 जगह से लघु शोभायात्राएं पहुंचेंगी टाउन हॉल 

2 अप्रेल को टाउन हॉल से दोपहर 3 बजे निकलने वाली शोभायात्रा से पहले उदयपुर की चारों दिशाओं से लघु शोभायात्राएं टाउन हॉल पहुंचकर विशाल शोभायात्रा में एकरूप हो जाएंगी। चांदपोल, रामपुरा, मल्लातलाई क्षेत्र की लघु शोभायात्रा मल्लातलाई से शुरू होगी तो नाई-बूझड़ा व आसपास के क्षेत्र के लोग नाई से एकत्र होकर टाउन हॉल के लिए रवाना होंगे। इसी तरह, भीतरी शहर के घंटाघर-मोतीचौहट्टा आदि क्षेत्र के लोग जगदीश चौक से रवाना होंगे तो गोवर्धन सागर क्षेत्र, सेक्टर-14 की ओर के निवासी सीए सर्कल पर एकत्र होकर रवाना होंगे। पानेरियों की मादड़ी, कुम्हारों का भट्टा, टेकरी आदि क्षेत्रों के लोग पानेरियों की मादड़ी से एकत्र होकर रवाना होंगे, वहीं सेक्टर-3, 4, 5, 6 आदि क्षेत्रों के लोग सेक्टर-4 चौराहे से रवाना होंगे। पुरोहितों की मादड़ी, कानपुर, सुंदरवास, खेमपुरा क्षेत्र के लोग ठोकर पर एकत्र होकर टाउन हॉल के लिए बढ़ेंगे। बोहरा गणेशजी, आयड़, यूनिवरसिटी मार्ग वाले यूनिवरसिटी द्वार पर एकत्र होकर आएंगे। शोभागपुरा, चित्रकूट नगर, भुवाणा क्षेत्र वाले शोभागपुरा सर्कल पर एकत्र होकर टाउन हॉल पहुंचेंगे तो बड़गांव, बेदला, देवाली, फतहपुरा वाले साइफन पर एकत्र होकर टाउन हॉल आएंगे। ये सभी लघु शोभायात्राएं शहर के विभिन्न मार्गों से शहरवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए मुख्य शोभायात्रा स्थल पर पहुंचेंगी। उदयपुर के समीपवर्ती गिर्वा व बड़गांव तहसील के गांवों ढीकली, एकलिंगपुरा, कलड़वास, लोयरा आदि से लोग बसों में पहुंचेंगे। बसों पर क्षेत्रों के नाम भी अंकित होंगे और बसें टाउन हॉल पहुंचाने के बाद कार्यक्रम समापन के बाद सभास्थल के समीप पहुंचेंगी ताकि गांवों से आने वाले वहीं से बसों में सवार हो सकेंगे। 

कलश पूजन आज 

शोभायात्रा में हजारों महिलाएं कलश लेकर चलेंगी जिसके लिए विधिवत रूप से कलश पूजन का कार्यक्रम भी रखा गया है जो शुक्रवार को टाउन हॉल में रहेगा। समाजोत्सव समिति के दिनेश भट्ट ने बताया कि निगम प्रांगण की स्थान पूजा, कलश वंदन शुक्रवार शाम 6 बजे से आरंभ होगा। पूजन के साथ ही कलश सजाए जाएंगे। श्रीमती अलका मूंदड़ा, मंजू शर्मा, अंजू सोनी, प्रकाश अग्रवाल सहित कई कार्यकर्ता इस कार्य में जुटेंगे।