लाइफ इन रॉक्स चित्रों की प्रदर्शनी प्रारम्भ
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र की कला वीथी में प्रदर्शनी
उदयपुर 14 फरवरी 2025। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र की कला वीथी में अहमदाबाद के चित्रकार नरेन्द्र पटेल एवं फ्रेनाली पटेल के चित्रों की प्रदर्शनी प्रारम्भ हुई।
प्रदर्शनी में चित्रकार नरेन्द्र पटेल ने जहां ‘‘लाइफ इन रॉक्स’’ में चट्टानों में आकृतियों को गहरे रंगों में चित्रित किया है वहीं फ्रेनाली बर्ड्स और नेचर को अपने चित्रों में दर्शाया है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन स्कैचर सुनील लढ्ढा, मूर्तिशिल्पी हेमन्त जोशी, केन्द्र के सहायक निदेशक लेखा दुर्गेश चांदवानी द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में नरेन्द्र पटेल द्वारा दर्शाये चित्रों में गहरे रंगों के प्रयोग के साथ चट्टानों से झांकती आकृतियों को रूपायित किया गया जिसमें मानव, जीव जंतु आदि के बिम्ब प्रमुख हैं।
प्रदर्शनी में फ्रेनाली ने भी गहरे रंगों से प्रकृति और उसमें बसने वाली चिरैयाओं का मनोरम चित्रण किया है। यह प्रदर्शनी 16 फरवरी तक चलेगी। उद्घाटन अवसर पर हेमन्त मेहता, शर्मिला राठौर, प्रवीण भटनागर, निलोफर, सुनील निमावत, निखिल वर्मा, सी. एल. सालवी, भगवती नलवाया आदि उपस्थित थे।