×

लखीमपुर खीरी घटना के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को गिरफ्तार करने की घटना को लेकर कांग्रेस की ओर से जिलाधीश कार्यालय परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन

 

उदयपुर 5 अक्टूबर 2021। उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी में आंदोलनकारी किसानों एवं भाजपा नेताओं के बीच हुई हिंसा में मारे गए किसानों एवं पीडि़तों के परिवारजन से मिलने जा रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को गिरफ्तार करने की घटना को लेकर मंगलवार को उदयपुर शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिलाधीश कार्यालय परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया। 

धरने को सम्बोधित करते हुए पूर्व विधायक मांगीलाल गरासिया ने इस घटना में मारे गए किसानों एवं अन्य लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि किसानों पर गाड़ी चढ़ाने की घटना की जितनी निन्दा की जाए उतनी कम है। यह घटना भाजपा से जुड़े लोगों की संवेदनहीन मानसिकता को उजागर करती है। उन्होंने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने किसानों की समस्याओं से पूरी तरह मुंह मोड़ लिया है। केंद्र सरकार की किसानों की समस्याओं के प्रति बरती जा रही लापरवाही एवं देरी के कारण इस तरह की घटना ने जन्म लिया है। केन्द्र सरकार को चाहिए कि वे अविलम्ब किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याओं का निराकरण करें, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को होने से रोका जा सके।

देहात कांग्रेस अध्यक्ष लालसिंह झाला ने कहा कि इस तरह की घटनाएं चिंतित कर देने वाली है। देश का अन्नदाता अपनी मांगों के लिए सडक़ों पर है। उन पर लाठियां भांजी जा रही है, उन्हें गाडिय़ों से रौंदा जा रहा है। ऐसी सरकारों को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है, जहां देश का किसान तक सुरक्षित नहीं है। 

धरने को सम्बोधित करते हुए शहर अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार देश के किसानों की मांगों को लेकर बिलकुल भी गंभीर नहीं है। केन्द्र सरकार को चाहिए कि वो अपना तानाशाही रवैया छोडक़र किसानों की समस्याओं को हल करने को लेकर पहल करे। सरकार यह न समझे कि देश का किसान अकेला है, कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता देश के किसानों की मांगों को लेकर अंतिम सांस तक उनके साथ खड़ा है। 

युवा नेता विवेक कटारा ने कहा कि केन्द्र सरकार किसानों के मुद्दे पर जिस तरह से लापरवाही बरत रही है, वह अक्षम्य है। सरकार देश के किसानों के सब्र का इम्तिहान ले रही है। 

पूर्व प्रदेश कांग्रेस सचिव पंकज कुमार शर्मा ने कहा कि इस घटना ने देश के आम आदमी का दिल झकझोर कर रख दिया है। ऐसी घटनाएं केन्द्र सरकार की लापरवाही का परिणाम है। समय रहते किसानों की समस्याएं हल न हो पाने से इस तरह की घटनाएं जन्म ले रही है। उन्होंने पीड़ित परिवारजनों से मिलने जा रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को गिरफ्तार करने को लेकर भी गहरा रोष व्यक्त किया। 

धरने को लक्ष्मीनारायण पंड्या, के. के. शर्मा, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, डॉ. मधुसूदन शर्मा, सुरेश श्रीमाली, फतेह सिंह राठौड़, दिनेश श्रीमाली, चन्दा सुहालका, मथुरेश नागदा, नारायण पालीवाल, बाबुलाल जैन, अब्दुल अजीज खान, नजमा मेवाफरोश, कामिनी गुर्जर सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी सम्बोधित किया। धरने का संचालन पंकज कुमार शर्मा ने एवं धन्यवाद की रस्म डॉ. रियाज हुसैन ने अदा की।