×

महात्मा गांधी सहित स्वतंत्रता संग्राम के सभी शहीदों को किया नमन

रामधुन और बापू के प्रिय भजनों का गायन
 

उदयपुर, 30 जनवरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि मंगलवार को शहीद दिवस के रूप में मनाई गई। इस पर अवसर कलक्ट्रेट परिसर में श्रद्धाजंलि सभा हुई।

कलक्ट्रेट परिसर के मध्य स्थित उद्यान में ठीक सभी अधिकारी-कर्मचारी एकत्र हुए। जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल, एडीएम प्रशासन शैलेश सुराणा, एडीएम सिटी राजीव द्विवेदी, सीईओ जिला परिषद कीर्ति राठौड़ सहित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने बापू की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पाजंलि अर्पित कर आजादी की लड़ाई में शहीद हुए सभी शहीदों को नमन किया। सेवा सदन के कलाकारों ने बापू के प्रिय भजन वैष्णव जन तो तेने कहिए जे पीर पराई जाणे रे..... सहित अन्य भजनों और रामधुन का गायन किया। इसके पश्चात दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। संचालन रेणु मोगरा ने किया।
जिले भर में हुए आयोजन

शहीद दिवस के अवसर पर जिले भर में निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम हुए। सभी उपखण्ड व तहसील मुख्यालयों, विद्यालयों में महात्मा गांधी को नमन किया। रामधुन व बापू के प्रिय भजनों का गायन व श्रवण किया गया। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

30 फीट लंबी पोस्टर प्रदर्शनी, 150 फीट की रोल बुक का विमोचन

शहीद दिवस के अवसर पर जिला कलक्टर पोसवाल ने उदयपुर निवासी दिनेश कुमार जैन की ओर से तैयार 30 फीट लंबी पोस्टर प्रदर्शनी का विमोचन किया। उक्त प्रदर्शनी में जैन ने महात्मा गांधी का संपूर्ण जीवन परिचय संजोया है। कलक्टर ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए श्री जैन के प्रयासों की सराहना की। इसके साथ ही जिला कलक्टर ने चंद्रप्रकाश चित्तौड़ा की ओर से तैयार 150 फीट लंबी रोल बुक का भी विमोचन किया। महात्मा गांधी की 150वें जयंती वर्ष के उपलब्ध में तैयार उक्त बुक में श्री चित्तौड़ा ने राष्ट्रपिता के व्यक्तित्व व कृतित्व के साथ ही स्वच्छ भारत अभियान को भी शामिल किया है।

महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति 

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गुलाब बाग स्थित गांधी मूर्ति पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक पंकज कुमार शर्मा ने सूत की माला अर्पित कर पुष्पांजलि अर्पित की।

पुष्पांजली के दौरान महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सदस्यों ने गांधी जी के प्रिय भजनों वैष्णव जन तो तेने कहिए, रघु पति राघव राजा राम, हर देश में तू हर वेश में तू तेरे नाम अनेक पर तेरा एक ही रूप, दे दी हमें आजादी बिना खडग बिना ढ़ाल साबरमती के संग तुने कर दिया कमाल सहित अन्य भजन की प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर पंकज शर्मा ने समिति के सदस्यों को सात पाप सिद्धांत विहीन राजनीतिक, श्रम विहीन संपत्ति, विवेक विहीन भोग विलास, चरित्र विहीन शिक्षा, नैतिकता विहीन व्यापार, मानवीयता विहीन विज्ञान और त्याग विहीन पूजा कार्य नहीं करने का संकल्प दिलवा कर 10:58 बजे 2 मिनट का मोन रखा।

शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा की महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के युग पुरूष है वर्तमान में गांधी जी के विचार आज भी उतने ही संगत और उपयुक्त है जितने उस समय थे आज उनके विचारों को समझने की बड़ी आवश्यकता है। आज जो घृणा, क्रोध, नफरत, हिंसा का जो माहोल है उसे गांधी के सिद्धांतो व विचारों से ही दूर किया जा सकता है। उन्होंने सभी को गांधी दर्शन और विचारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने आज ’रक्षाबंधन’ धानमंडी स्थित कांग्रेस मीडिया सेन्टर पर भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर अशोक तंबोली, अर्जुन लाल खतूरिया, भगवती प्रजापत, रेणु चौहान, कपिल वसीटा, भगवान सोनी, गोविंद सक्सेना, बंशीलाल पालीवाल, डॅा. सी.एल. पलरेचा, प्रेम मेघवाल, नीज़ाम खान, कमल दक, सुनील जैन, चंपालाल जैन, सोनू जोशी, गिरिराज मीणा, डॉ. संदीप गर्ग दीपेश कुमावत पीराराम, अल्फेज खान सहित महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के कई सदस्यगण उपस्थित थे।