×

नगर निगम आयुक्त ने शाम से देर रात तक किया शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण
 

इंदिरा रसोई घर में लिया रात्रि भोज

 

उदयपुर। नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत ने गुरुवार शाम से देर रात तक नगर निगम द्वारा संपन्न किए जा रहे हैं विभिन्न कार्यों का सघन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

आयुक्त मालावत ने बुधवार को अपना कार्यभार ग्रहण किया था। इसके दूसरे ही दिन वह गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निगम द्वारा संचालित हो रहे कार्यों की निरीक्षण करने पहुंचे। आयुक्त सर्वप्रथम उदियापोल स्थित उदयपुर के निर्माता उदयसिंह की मूर्ति वाले पार्क में पहुंचे, इस दौरान उनके साथ नगर निगम एस ई मुकेश पुजारी, रितेश पाटीदार भी उपस्थित रहे। 

आयुक्त ने अव्यवस्थित पार्क देखकर नाराजगी जाहिर की, पार्क में चूहों द्वारा जगह जगह बड़े पेड़ों के नीचे खड्डे कर रखे थे। आयुक्त ने पार्क के रखरखाव की आवश्यकता बताते हुए उद्यान श्रमिक के माध्यम से उद्यान की दशा सुधारने के निर्देश दिए। आयुक्त ने महाराणा उदय सिंह मूर्ति के पास पार्क में फाउंटेन लगाकर उसे और अधिक सुंदर बनाने हेतु भी निगम अधिकारी को निर्देशित किया है।

इसके पश्चात मालावत वही पास ही सार्वजनिक मूत्रालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में वहा की सफाई व्यवस्था संतोषप्रद नहीं थी जिसमें सफाई करने एवं प्रकाश व्यवस्था हेतु ट्यूब लाइट लगवाने के निर्देश दिए। 

तुरंत बंद करवाए खुले चेंबर

नगर निगम आयुक्त मालावत ने निगम एस इ मुकेश पुजारी को उदियापोल पर खुले पड़े चेंबर के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस पर पुजारी ने स्मार्ट सिटी का कार्य जो वर्तमान में प्रगतिरत है उसके संपूर्ण होते ही उसे बंद करवाने के बारे में अवगत कराया इस पर आयुक्त ने जल्द ही इसे बंद करवाने के निर्देश दिए।

देर रात्रि पहुंचे आश्रय स्थल, फायर स्टेशन

नगर निगम आयुक्त रात्रि को शहर के चेतक सर्कल स्थित आश्रय स्थल पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयुक्त मालावत ने आश्रय स्थल में विश्राम कर रहे श्रमिकों से काफी देर तक निगम द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। स्थल पर मिली व्यवस्थाओं पर संतोष प्रकट किया। मौका निरीक्षण के दौरान आश्रय स्थल पर 50 लोगों के स्थान पर 62 लोग आश्रय स्थल पर विश्राम करते हुए मिले, इस पर आयुक्त ने जिला परियोजना अधिकारी शैल सिंह को और अतिरिक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने आश्रय स्थल पर आने वाले सभी जरूरतमंद लोगों को व्यवस्था में कोई कमी नहीं रखने के निर्देश भी दिए।

फायर स्टेशन का किया निरीक्षण

नगर निगम आयुक्त वसुदेव मालावत आश्रय स्थल निरीक्षण के पश्चात चेतक सर्कल फायर स्टेशन पर पहुंच कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। फायर स्टेशन पर उपस्थित कर्मचारी से सभी उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की, साथ ही शहर में तंग गलियों में दुर्घटना होने के दौरान किस प्रकार से कम समय में वहां पर संसाधन उपलब्ध करवाए जा सकते हैं एवं वर्तमान में क्या-क्या संसाधन निगम में उपलब्ध है उसके बारे में भी जानकारी प्राप्त की। 

आयुक्त ने शहर के ऐसे स्थानों को नक्शे में चिन्हित करने के निर्देश दिए है जहा फायर वाहन नहीं पहुंच पाते हैं इन सभी स्थानों को डार्क जोन घोषित कर वहा दुर्घटना के दौरान कम से कम समय में राहत पहुंचाई जा सके ऐसे ऐसे संसाधन फायर स्टेशन को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए है क्योंकि उदयपुर के शहरकोट अंदर अधिकांश बहुत तंग गलियां है जहां पर फायर वाहन के पहुंचने में नहीं पहुंचा जा सकता है।

इंदिरा रसोई घर में किया रात्रि भोज

नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत गुरुवार रात्रि शहर के विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण करने के पश्चात चेतक सर्कल स्थित इंदिरा रसोई घर पहुंच वहां पर रात्रि भोज किया। इस दौरान वहां भोजन कर रहे कई व्यक्तियों से खाने की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की। आयुक्त ने सरकार की इस महत्ती योजना का लाभ उठाने की अपील भी की है।