{"vars":{"id": "74416:2859"}}

बांसवाड़ा के कल्याणपुर में एक लेपर्ड कुएं में गिरा 

वन विभाग की टीम ने  रेस्क्यू कर निकाला  बाहर 

 

बांसवाड़ा 28 अप्रैल 2025। बांसवाड़ा वन क्षेत्र के कल्याणपुर एक लेपर्ड कुएं में गिर गया। बताया जा रहा है कि लेपर्ड रात को ही कुएं में गिरा था। सुबह जब ग्रामीण कुएं के पास पहुंचे तो उन्होंने लेपर्ड देखा और वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेंजर संतोष डामोर जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और लेपर्ड को ग्रामीणों और कर्मियों की मदद से बाहर निकाला।

रेंजर संतोष डामोर ने बताया कि लेपर्ड के रेस्क्यू में करीब 2 घंटे का समय लगा। लेपर्ड रात को कुएं में गिरा था। वो कुएं में लगी मोटर पर ही बैठा था। जब सुबह किसान मोटर शुरू करने गए और शुरू नहीं हुई तो वो कुएं के पास पहुंचे, जहां जाने के बाद लेपर्ड की सूचना मिली। सूचना पर मौके पर पहुंचे।

लेपर्ड के रेस्क्यू के लिए पहले रस्सी का सहारा लिया। लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद गांव से ही लकड़ी की खाट को रस्सी से बांधकर नीचे उतारा। लेपर्ड सीधे उस खाट पर आ गया।जैसे जैसे उसे धीरे से ऊपर खींच रहे थे, तब किनारे के करीब आते ही लेपर्ड खाट से कूदकर बाहर निकला और खुद ही जंगल की तरफ भाग गया। डामोर ने बताया कि यह लेपर्ड का ही क्षेत्र है कल्याणपुर गांव में करीब 2 से 3 जगह वो हमेशा आता जाता रहता है।

वन विभाग की टीम में रेंजर संतोष डामोर सहित वन रक्षक कुंदन सिंह, विष्णु सिंह, प्रताप सिंह, वनपाल शांति लाल रोत और दिलीप मसार शामिल थे। टीम ने 2 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद खाट की सहायता से पैंथर को कुएं से सुरक्षित निकाला।