शाम छह बजे बाद एक बार फिर शहर सन्नाटे की चपेट में
शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते लगाया गया है शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू
शाम पांच बजे ही बंद होना शुरू होने बाजार
उदयपुर 10 अप्रैल 2021 । लेकसिटी में एक बार फिर पिछले साल की तरह लॉक डाउन के सन्नाटे की याद ताज़ा हो गयी जब शाम ढलते ही एकाएक शहर के बाज़ार बंद होने शुरू हो गए। पांच बजते ही पुलिस प्रशासन ने बाजार बंद करने की अपील शुरू कर दी। एकबारगी लोग अपने दुकान दफ्तर से घर की ओर रवाना शुरू हुए तो मुख्य सड़के वाहनों से पट गयी। लेकिन जैसे ही शाम के छह बजे कर्फ्यू का असर दिखाई देना शुरू हुआ तो जहाँ एक घंटा पहले चहल पहल थी वहां सन्नाटा पसरा दिखाई दिया।
शहर के मुख्य चौराहो और मुख्य मार्गो पर पुलिस की चेकिंग भी शुरू हो गई। कई लोगो को बेवजह घूमने के लिए कहीं पुलिस ने समझाइश की तो कहीं चालान काटा गया।
उल्लेखनीय है की शहर में बढ़ते संक्रमण के मद्देनज़र राज्य सरकार ने उदयपुर में शाम छह से सुबह छह बजे तक आगामी 30 अप्रैल 2021 तक कर्फ्यू लगाया है। वहीँ पांच बजे बाजार बंद करने के आदेश दिए गए है ताकि छह बजे तक कर्फ्यू लागू होने से पूर्व लोग अपने अपने घरो तक जा सके।