×

उदयपुर में पहली बार हवाई यात्री लगातार 11 माह तक एक लाख पार

नई उड़ान; इसी माह से टूरिस्ट सीजन भी शुरू होगा

 

टूरिस्ट सिटी उदयपुर के प्रति देसी- विदेशी पर्यटकों के बढ़ते रुझान और मेवाड़वासियों की हवाई सेवाओं में बढ़ती रुचि के चलते महाराणा प्रताप एयरपोर्ट डबोक पर यात्रीभार पिछले 11 माह से एक लाख पार चल रहा है।

रोज 18 उड़ानें, सूरत, राजकोट फ्लाइट चलने से बढ़ेगी संख्या

एविएशन एक्सपर्ट अशोक जोशी बताते हैं कि अभी उदयपुर से 10 शहरों मुंबई, दिल्ली, जयपुर, भोपाल, इंदौर, हैदराबाद, बेंगलुरू, अहमदाबाद, राजकोट और सूरत के लिए 18 उड़ानें संचालित हैं। पहली बार उदयपुर से भोपाल और इंदौर के बीच नियमित उड़ान संचालित हुई है। अहमदाबाद की फ्लाइट भी सप्ताह में 5 दिन है। उदयपुर-मुंबई, उदयपुर- राजकोट और उदयपुर-सूरत की नई उड़ानें भी शुरू हो चुकी हैं। इससे यात्रीभार और बढ़ेगा।

एयरपोर्ट के इतिहास में ऐसा पहली बार है। इस साल अगस्त में 114420 यात्रियों का आवागमन हुआ, जो पिछले माह जुलाई के यात्रीभार 106254 की तुलना में 8166 ज्यादा हैं। पिछले साल के अगस्त माह की बात करें तो 89018 यात्रियों ने हवाई आवागमन किया, जो इस साल के अगस्त माह की तुलना में 25402 यात्री कम है।

बारिश के बाद उदयपुर की विश्वप्रसिद्ध फतहसागर झील, पीछोला झील, जयसमंद झील, राजसमंद झील सहित आस-पास के अमूमन जलाशय जलराशि से लबालब हो गए हैं। अरावली की वादियां भी हरियाली से आच्छादित हो चुकी हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर योगेश नगाइच बताते हैं कि 17 सितंबर से पर्यटन सीजन की शुरुआत होगी। ऐसे में लेकसिटी में हवाई यात्रियों का आवागमन बढ़ेगा।

इस साल फरवरी में 1.58 लाख यात्री

               माह                    यात्रीभार
  • अक्टूबर-2022     
           103154
  • नवंबर 
          144586
  • दिसंबर  
          175865
  • जनवरी - 2023       
          152263
  • फरवरी      
          158838 
  • मार्च 

           140911

  • अप्रैल     
          105322
  • मई    

         107790

  • जून      
          101866
  • जुलाई
          106254
  • अगस्त
          114420