×

अशोक नगर का नाला होगा सड़क लेवल से नीचे, रोड होगा चौड़ा

शहर के विकास को लेकर महापौर उपमहापौर ने की समिति अध्यक्ष एवं अधिकारियों से चर्चा
 

उदयपुर । नगर निगम प्रशासनिक समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम महापौर गोविंद सिंह टाक, उपमहापौर पारस सिंघवी,निगम उपायुक्त सुधांशु सिंह सहित निगम के सभी समितियों के अध्यक्ष एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

नगर निगम की विभिन्न समितियों में लिए गए कई प्रस्तावों के निर्णय प्रशासनिक समिति के स्तर पर लिया जाना होता है। इसी को लेकर निगम की प्रशासनिक समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई एवं सर्वसम्मति से निर्णय लिए।

बैठक में उपमहापौर पारस सिंघवी ने बताया कि 2 अक्टूबर 2021 से उदयपुर नगर निगम सीमा क्षेत्र में स्थित भूखंडों पर विविध प्रकार के पट्टे जारी करने का कार्यक्रम शुरू किया गया था। जिनमें स्टेट ग्रांट एक्ट के पट्टे राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 69 क के तहत जारी किए जाने वाले पट्टे भी शामिल है। पिछले कई समय से शहर वासियों को मिलने वाले पट्टों में हो रही देरी के चलते निगम महापौर गोविंद सिंह टाक ने नाराजगी व्यक्त की ओर विशेष रूप से प्रशासनिक समिति बैठक में इस मुद्दे को सम्मिलित करने के निर्देश दिए। उप महापौर सिंघवी ने बताया कि प्रशासन शहरों के संग अभियान के अंतर्गत हर शहर वासियों को निश्चित समय में पट्टा मिले इसको लेकर योजना चलाई जा रही है। नगर निगम द्वारा भी शहर वासियों को आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करते हुए पट्टा वितरण किया जा रहा है, लेकिन कई शहर वासियों को 1 महीने से भी अधिक अंतराल होने के बावजूद पट्टा नहीं मिल रहा है। 

बैठक में कच्ची बस्ती सुधार समिति अध्यक्ष देवेंद्र साहू, स्वास्थ समिति अध्यक्ष वेणीराम सालवी, आपदा प्रबंधन समिति अध्यक्ष महेंद्र भगोरा, पार्षद लोकेश गौड़, अरुण टांक आदि ने गहरा असंतोष व्यक्त किया और जल्द से जल्द सभी आवेदको को पट्टे मिले इस हेतु कार्यवाही करने की मांग रखी। 

उपमहापौर सिंघवी ने सभी की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी कार्य करने का समय अंतराल निश्चित किया गया है, फिर भी सही समय पर कार्य नहीं होना लापरवाही की श्रेणी में आता है। चाहे राज्य सरकार हो या केंद्र सरकार जो भी योजनाएं आमजन की सुविधा हेतु लागू की जाती है उन योजनाओं का लाभ सही समय पर हर शहरवासी को मिले ऐसी व्यवस्था करना नगर निगम का दायित्व है। यदि व्यवस्था उपलब्ध कराने में किसी भी कर्मचारी द्वारा देरी की जाती है तो उसके खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जानी चाहिए। 

महापौर गोविंद सिंह टाक ने बैठक में उपस्थित उपायुक्त सुधांशु सिंह को इस कार्य में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा की नगर निगम में अभी तक लगभग 8000 से भी ज्यादा आवेदको द्वारा पट्टे हेतु आवेदन किया है। अब जिसने पहले प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है जिसमे कई नागरिकों को पट्टे जारी कर दिए गए हैं और जिनके प्रकरण लंबित है उसके सभी दस्तावेजो की जांच की जाए, यदि सभी दस्तावेज सही है तो उन्हे पहले पट्टे जारी किए जाए और कोई कमी है तो उस कमी को पूरा करवाकर संबंधित को पट्टा दिया जाए या फाइल को निरस्त किया जाए एवं जिन्होंने बाद में आवेदन किया है उसको बाद में पट्टे जारी किए जाएंगे। पहले आवेदन करने वाले को प्राथमिकता के आधार पर पट्टे वितरित किए जाएंगे इसमें किसी भी प्रकार कोई लापरवाही नहीं रखी जाए।

रोड लेवल से नीचे होंगा अशोक नगर का नाला

नगर निगम प्रशासनिक समिति की बैठक में उपमहापौर पारस सिंघवी द्वारा प्रस्ताव रखा गया कि कुछ समय पूर्व अशोकनगर के मुख्य मार्ग पर स्थित नाला जो वर्षों पुराना है अचानक धसने से दो कारें क्षतिग्रस्त हो गई थी। स्थानीय निवासियों की मांग और शहरवासियों की सुविधा को देखते हुए इस नाले को सड़क लेवल से निचा कर रोड को चौड़ा किया जाए जिसका उपस्थित सदस्यों द्वारा समर्थन किया। जल्द ही इस कार्य की अग्रिम कार्रवाई शुरू की जाएगी।

निगम कार्यालय में लगाए सीसीटीवी

निगम प्रशासनिक समिति बैठक में गैराज समिति अध्यक्ष मनोहर चौधरी ने सुझाव दिया कि निगम कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाए जिससे निगम में होने वाले क्रियाकलापों की जानकारी रिकार्ड की जा सके। प्रस्ताव का महापौर टांक उपमहापौर सिंघवी द्वारा समर्थन किया गया जल्द ही इस कार्य में अग्रिम कार्यवाही शुरू की जाएगी।

निगम पार्षद को मिलता है उलाहना

नगर निगम उपमहापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि निगम अधिनस्त कार्य समय पर संपूर्ण नहीं होने से निगम पार्षद को शारहवासियो द्वारा खरी खोटी सुनाई जाती है। स्मार्ट सिटी के कार्य को लेकर अतिक्रमण निरोधक समिति अध्यक्ष छोगालाल भाई, वित्त समिति अध्यक्ष रुचिका चौधरी, विरासत संरक्षण समिति अध्यक्ष मदन दवे सहित रेखा उठवाल सोनिका जैन ने भी निगम के कार्य में शिथिलता को लेकर रोष जताया जिस पर उपायुक्त ने जल्द ही सभी समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्वस्त किया है।

डिविडिंग मशीन का कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाया जाएगा

निगम प्रशासनिक समिति बैठक में सर्वसम्मति से शहर की झीलों की सफाई का कार्य करने वाली डिविडिंग मशीन का कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाया जाएगा। यह मशीन पिछोला, फतेह सागर, स्वरूप सागर सहित की झीलों के साफ करने के कार्य करती है।

शमशान घाट में होंगे विकास कार्य

शहर के सभी शमशान घाट पर विकास कार्य करवाते हुए वहा की स्तिथि को सुधारा जाएगा। निगम प्रशासनिक समिति बैठक में सर्वसम्मति से श्मशान घाट पर विकास कार्य करवाने का प्रस्ताव लिया गया। इसमें श्मशान घाट पर रंग रोगन, विद्युत व्यवस्था, बैठक हेतु बैंच इत्यादि लगवाए जाएंगे।

बैठक में अतिक्रमण निरोधक समिति अध्यक्ष छोगालाल भोई, गैराज समिति अध्यक्ष मनोहर चौधरी, कच्ची बस्ती सुधार समिति अध्यक्ष देवेंद्र साहू, राजस्व समिति अध्यक्ष अरविंद जारोली, भवन अनुमति निर्माण समिति अध्यक्ष सीए आशीष कोठारी, विधि समिति अध्यक्षा सोनिका जैन, वित्त समिति अध्यक्षा रुचिका चौधरी, विरासत समिति अध्यक्ष मदन दवे, विद्युत समिति अध्यक्ष हेमंत बोहरा, विधि समिति अध्यक्ष सोनिका जैन, बाल विकास एवं महिला उल्मुलन समिति अध्यक्ष रेखा उठवाल, आपदा प्रबंधन समिति अध्यक्ष महेंद्र भगोरा, पार्षद लोकेश गोड, अरुण टाक, निगम एससी मुकेश पुजारी सहित सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।