उदयपुर में DSP के खिलाफ BAP का प्रदर्शन
लगातार नारेबाजी करते हुए DSP को बर्खास्त करने की मांग की
उदयपुर 27 अक्टूबर 2025 । शहर में सोमवार को कलेक्ट्री के बाहर बारिश के बीच भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने DSP सूर्यवीर सिंह के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
सायरा थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत के बाद हुए तनावपूर्ण घटनाक्रम के दौरान DSP के कथित अपशब्दों वाला वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए।
तेज बारिश और ठंडी हवाओं के बावजूद पार्टी के कार्यकर्ता छाता लेकर कलेक्ट्री परिसर के बाहर करीब दो घंटे तक डटे रहे। उन्होंने लगातार नारेबाजी करते हुए DSP को बर्खास्त करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश देखने को मिला।
भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के ज़िला अध्यक्ष अमित खराड़ी ने आरोप लगाया कि उदयपुर-गोगुंदा हाईवे पर हुई दुर्घटना के बाद विरोध कर रहे आदिवासी समुदाय को जानबूझकर निशाना बनाया गया। उन्होंने कुंभलगढ़ प्रत्याशी राम मीणा सहित 30 लोगों की गिरफ्तारी को अत्यधिक कठोर कार्रवाई बताया।
आदिवासी नेता कांति भील ने चेतावनी दी कि यदि DSP सूर्यवीर सिंह को बर्खास्त नहीं किया गया तो आंदोलन केवल उदयपुर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे राजस्थान में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो हजारों आदिवासी सड़क पर उतरेंगे।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कलेक्ट्री परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया। कई थानों से अतिरिक्त बल बुलाया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन पूरे समय माहौल तनावपूर्ण बना रहा।