×

महंगाई, बेरोज़गारी और सामाजिक समरसता पर घेरा भाजपा को

कांग्रेस के नव संकल्प चिंतन शिविर से पहले कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस
 
प्रेस कांफ्रेंस में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला समेत पवन खेड़ा, सुप्रिया श्रीनेत, अल्का लाम्बा, रागिनी नायक आदि मौजूद रहे

उदयपुर 12 मई 2022। कांग्रेस के कल 13 माई से शुरू होने वाले 3 दिवसीय नव संकल्प चिंतन शिविर से पहले आज ताज अरावली रिसोर्ट में कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रेस कांफ्रेंस कर महंगाई, बेरोज़गारी और सामाजिक समरसता और धर्मान्धता को लेकर भाजपा को कठघरे में खड़ा करते हुए  भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।  

रणदीप सुरजेवाला ने कहा आज मोदी सरकार देश को रुढ़िवादिता की ओर ले जा रही है। रोज एक नया हिन्दू-मुस्लिम विवाद पैदा कर देश का ध्यान मुख्य मुद्दों से भटका दिया जाता है। हर राज्य में चुनाव से पहले दंगे शुरू हो जाते हैं। उत्तराखंड, यूपी और गोवा में चुनाव हो गए, इसलिए वहां दंगे होने भी बंद हो गए। मगर अब कर्नाटक और राजस्थान में चुनाव हैं, तो वहां दंगे करवाए जा रहे हैं। 

सुरजेवाला ने आरोप लगाया की देश के संविधान और आमजन पर मोदी सरकार ने हमला बोला हुआ है। कांग्रेस को एक बार फिर संविधान की रक्षा के लिए आगे आना होगा। देश की अपेक्षाओं के अनुरूप आत्म मंथन और आत्म अवलोकन करने के लिए ही यह शिविर कर रहे हैं। शिविर से जो निष्कर्ष निकल कर आएगा, वो कांग्रेस और देश को नई दिशा देगा। 

कांग्रेसी नेताओ की आपसी खींचतान, मनमुटाव और एकजुटता को लेकर उन्होंने कहा की हमें अपनी पार्टी के अंदर भी बदलाव करने की ज़रूरत है। हमारे अंदर भी कमियां हैं। हम जानते हैं कि बदलती परिस्थिति के अनुरूप हमें अपने अंदर बदलाव करने होंगे।

सुरजेवाला ने मोदी सरकार को देश के आर्थिक हालातों, गिरता रुपया, देश पर लगातार बढ़ता कर्ज, पेट्रोल-डीजल-गैस के बढ़ते दाम, महंगाई, बेरोजगारी और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर घेरा। सुरजेवाला ने इस दौरान देश के किसानों, दलितों और आदिवासियों की भी बात की।

प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में बढ़ रहे अपराध के मामलों को लेकर कहा कि कौन सा राज्य है, जहां रेप नहीं होते। मर्डर नहीं होते। गहलोत ने कहा कि हमने एफआईआर कम्पलसरी किया है। इसलिए आंकड़े बढ़े हुए दिखने लगे हैं। 

देश के हालातों को लेकर गहलोत ने कहा कि देश में सीबीआई, ईडी का तांडव हो रहा है। कांग्रेस ही मुख्य विपक्षी पार्टी है। मैं उम्मीद करता हूं कि यह शिविर बेहद कामयाब रहेगा। इससे कांग्रेस एक मैसेज देने में सफल होगी।

राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि 70 साल का हिसाब मांगने वालों ने अब तक 7 साल का हिसाब नहीं दिया है। इनके कुशासन से देश में अघोषित आपातकाल लग गया है। कांग्रेस मुक्त भारत की बात इसलिए करना चाहते हैं, क्योंकि कांग्रेस के डीएनए में राष्ट्रवाद है। इनका राष्ट्रवाद छल है। पूरे देश में धर्म के आधार पर उन्माद फैलाया जा रहा। मोदी सरकार सिर्फ धन्ना सेठों की पैरोकार बनकर बैठी है। 

प्रेस कांफ्रेंस में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला समेत पवन खेड़ा, सुप्रिया श्रीनेत, अल्का लाम्बा, रागिनी नायक आदि मौजूद रहे।