×

प्रतिबंधित प्लास्टिक उपयोग को लेकर निगम की सख्ती

21 किलो थैलियों को जब्त तक कर वसूले 6000 रुपए
 

उदयपुर 28 सितंबर 2024। नगर निगम द्वारा लगातार सिंगल यूज प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, शहर के विभिन्न स्थानों से 21 किलो प्लास्टिक थैली जब्त कर 6000 रूपये की शास्ती वसूली गई।  

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर सख्ती करने हेतु शुरू किए गए इस अभियान में निगम की गठित की गई टीम ने शहर में विभिन्न स्थानों पर आकस्मिक अभियान चला थैलियों को जब्त किया गया। स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा आदि के नेतृत्व में टीमों द्वारा शहर के अलग-अलग स्थानो का आकस्मिक निरीक्षण किया। 

अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा शहर माली कॉलोनी, सेक्टर, आयड, यूनिवर्सिटी रोड, आरके सर्कल, साइफन चौराहा आदि क्षेत्र में स्थित सभी प्रतिष्ठानों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, अभियान में 21 किलो प्लास्टिक जब्त कर 6000 रुपए की शास्ती वसूली गई साथ ही सभी को भविष्य में सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग नहीं करने की चेतावनी भी दी गई। इस अभियान में जिला प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम से गरिमा चौधरी, यशपोल भी उपस्थित रहें।

आयुक्त ने फिर मांगा सहयोग, जारी की अपील

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने शहर के सभी व्यापारी वर्ग से अपील करते हुए कहा कि व्यापारी सिंगल यूज प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें। शहरवासियों से कपड़े की ठेली या पेपर बैग का उपयोग करने हेतु स्वयं अपने स्तर पर प्रयास करें। निगम का उद्देश्य व्यापारी वर्ग से धन वसूली करना नही है, माननीय न्यायालय के आदेश का पालन करवाने में सख्ती जरूरी है। प्लास्टिक के उपयोग को लेकर एनजीटी द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। अतः सभी शहरवासी निगम के इस अभियान में सहयोग देकर अपना नैतिक दायित्व का निर्वहन करें। आयुक्त ने कहा कि कई स्वयं सेवी संस्थाएं, मीडिया जगत जन जागरण अभियान चलाकर प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग को रोकने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे है। कपड़े, झूट के बैग भी बांटे गए हैं। अब हमें अपनी आदत को सुधार कर प्लास्टिक के उपयोग को बंद करना होगा।