{"vars":{"id": "74416:2859"}}

उदयपुर में ड्रोन हमले और आगजनी की मॉकड्रिल 

सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा

 

उदयपुर 31 मई 2025। सिविल डिफेंस अभ्यास 'ऑपरेशन शील्ड' के तहत शनिवार को उदयपुर मिलिट्री स्टेशन के आवासीय क्षेत्र में ड्रोन अटैक और आग लगने की मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान आर्मी, पुलिस, अग्निशमन दल और सिविल डिफेंस की टीमें संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय रहीं।

मॉकड्रिल के दौरान घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए मिलिट्री स्टेशन के सामने दोनों ओर का ट्रैफिक अस्थायी रूप से रोक दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से मिलिट्री स्टेशन परिसर में केवल पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकृत अधिकारियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई।

इस अभ्यास का नेतृत्व जिला कलेक्टर नमित मेहता और पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और समस्त राहत कार्यों की निगरानी करते हुए स्थिति का जायजा लिया।

सूत्रों के अनुसार, इससे पूर्व 7 मई को की गई मॉकड्रिल में कुछ खामियां सामने आई थीं। उन्हीं खामियों को सुधारने और तैयारियों को और पुख्ता करने के उद्देश्य से यह नया अभ्यास आयोजित किया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार राजस्थान सहित पश्चिमी सीमा से सटे राज्यों में 31 मई को सिविल डिफेंस अभ्यास किया जा रहा है। यह राजस्थान के सभी 7 संभागों के 41 जिलों में चल रहे दूसरे चरण का हिस्सा है।

सिविल डिफेंस अभ्यास का उद्देश्य आपात स्थितियों में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संबंधित विभागों के बीच समन्वय को प्रभावी बनाना है।