{"vars":{"id": "74416:2859"}}

इलाज के दौरान मरीज पर गिरा पंखा, बाद में हुई मौत

उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में बड़ा हादसा 

 

उदयपुर 28 अप्रैल 2025। महाराणा भूपाल (एमबी) हॉस्पिटल से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल में भर्ती एक मरीज पर इलाज के दौरान छत का पंखा गिर गया। पंखा गिरने से घायल हुए मरीज का उपचार शुरू किया गया, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई। हालांकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज की मौत पंखा गिरने से नहीं, बल्कि गंभीर बीमारी के चलते हुई है।

चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा के पिपलिया कला निवासी 49 वर्षीय ओमप्रकाश एमबी अस्पताल के मेडिसिन विभाग के वार्ड नंबर 104 में भर्ती थे। रविवार तड़के अचानक छत से पंखा गिरा, जो दो बेड्स के बीच गिरा। इसमें 11 नंबर बेड पर भर्ती ओमप्रकाश के नाक और होठों पर चोटें आईं। घटना के बाद तुरंत इलाज शुरू किया गया, लेकिन सुबह 10 से 11 बजे के बीच उनकी मृत्यु हो गई।

परिजनों का आरोप है कि ओमप्रकाश की तबीयत में सुधार था और पंखा गिरने से लगी चोटों के कारण ही उनकी जान गई। वहीं, एमबी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन का कहना है कि ओमप्रकाश पहले से ही टीबी, सांस की बीमारी और निमोनिया से ग्रसित थे। उनके फेफड़ों में पानी भर गया था और उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। पंखा गिरने की सूचना मिलते ही तुरंत उपचार किया गया। डॉक्टर सुमन ने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में किसी प्रकार की गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है और मरीज सुबह तक होश में था।

हाथीपोल थाना क्षेत्र के एएसआई दलपत सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी मुन्नीबाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि उनके पति की तबीयत में सुधार था, लेकिन पंखा गिरने से लगी चोटों के बाद हालत बिगड़ गई और उनकी मृत्यु हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।