×

फिट है तो हिट है समूह द्वारा हाफ मेराथन 25 फरवरी को

इस प्रतियोगिता में 21 किमी, 10 किमी, 5 किमी और 3 किमी वर्ग की दौड़ होगी
 

उदयपुर 20 जनवरी 2024। फिट है तो हिट है ग्रुप द्वारा आगामी 25 फ़रवरी को शहर में पहली बार हाफ मेराथन का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें शहर सहित देशभर से 1000 धावकों के भाग लेेने की संभावना है। आयोजकों ने आयोजन के लिये सभी सरकारी अनुमति प्राप्त कर ली है। अब तक 43 पंजीकरण किये जा चुके है।

समूह संस्थापक नितिन त्रिपाठी ने उपरोक्त विषय की जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में 21 किमी, 10 किमी, 5 किमी और 3 किमी वर्ग की दौड़ होगी। दौड़ पूर्ण करने वाले सभी प्रतिभागियों को टी शर्ट,मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएँगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने हेतु टाउनस्क्रिप्ट वेब साईट पर आवेदन किया जा सकता है।

स्थानीय आयोजक राधा गोस्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता हेतु सभी आरंभिक तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं। दौड़ का ट्रैक, प्रशासन से अनुमति जैसे विषयों पर कार्य हो चुका है। प्रतियोगिता प्रातः पाँच बजे आरंभ होगी। फ़तहसागर झील और इससे जुड़े रास्तों पर प्रतियोगिता की तैयारियाँ आरंभ हो चुकी हैं। शहर की कई स्वयं सेवक संस्थाएँ और समूह प्रतियोगिता से जुड़ रहे हैं। बाहरी शहरों से आने वाले प्रतिभागियों के आने से देश में उदयपुर शहर की छवि एक स्वास्थ्य प्रेमी शहर के रूप में उभरेगी, युवा पीढ़ी उदयपुर के प्रति और आकर्षित होगी.।

नितिन त्रिपाठी ने बताया कि फिट है तो हिट है संस्था पूरे भारत में विविध खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित कर रही है। नवंबर में संस्था ने ऋषिकेश में हाफ मैराथन का सफल आयोजन किया. इसके अतिरिक्त भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी संस्था के सदस्य तेज़ी से जुड़ रहे हैं। समूह भारतीय पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक वैज्ञानिक शिक्षाओं और तकनीक के माध्यम से जन समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का प्रचार प्रसार कर रहा है।

समूह के सह संस्थापक कुलदीप वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दौड़ के माध्यम से जनता में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना है। संस्था में बीस हज़ार से अधिक सदस्य जुड़ चुके हैं. दौड़, योग, ध्यान, कुश्ती, अखाड़ों, खेल कूद आदि के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जन जागरूकता फैलाई जा रही है. उदयपुर के पश्चात मुक्तेश्वर, जिम कार्बेट और फिर भारत के अन्य शहरों में भी मैराथन आयोजन शीघ्र होगा। इस वर्ष देश भर में संस्था द्वारा 12 मेराथन करायी जायेगी।  

इस अवसर पर भारतीय टेनिस टीम के उप कप्तान एवं उदयपुर के ब्रान्ड अम्बेसडर कुलदीप सिंह राव, मुक्ता व्यास,दीपक आचार्य समेत विभिन्न संस्थाओं के स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद थे।