×

अभियान के तीसरे दिन आयुक्त स्वयं पहुंचे शहरवासियों के बीच, की समझाइश

कचरा डालने में टीपर के साथ आने वाले हेल्पर का ले सहयोग

 

उदयपुर 11 मार्च 2024। नगर निगम द्वारा घरों में गीला कचरा एवं सूखा कचरा अलग-अलग संग्रहण करने को लेकर 7 दिवसीय जन जागरण अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी अभियान के तीसरे दिन नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश स्वयं शहर वासियों के बीच पहुंच कर अभियान में सहयोग करने हेतु अपील की।

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि शहर में गीला कचरा एवं सूखा कचरा को पृथक पृथक संग्रहित कर केवल कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों में ही डालने को लेकर 7 दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तीसरे दिन रविवार को वह स्वयं शहर वासियों के बीच पहुंचे एवं इस अभियान में सहयोग की अपील की। आयुक्त में निरीक्षण के दौरान कचरा वाहनों में कचरा डालने आई महिलाओ से गाड़ी में उपस्तिथ हेल्पर की सहायता लेने का आग्रह किया। 

आयुक्त ने कहा कि सभी कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों में प्रतिदिन हेल्पर भी साथ रहता है। अतः जो शहर वासी किसी कारणवश गाड़ी तक नहीं पहुंच पाते हैं या उन्हें कचरा डालने में समस्या होती है तो वह इस कार्य हेतु गाड़ी के साथ आने वाले हेल्पर की सहायता ले सकते हैं। यदि इस कार्य में किसी भी शहर वासी को कोई समस्या हो तो अपने वार्ड के सफाई कर्मचारी या जमादार से संपर्क कर इसकी शिकायत करें, उनके द्वारा शिकायत का तुरंत समाधान करवाया जाएगा।

शहर वासियों से की चर्चा

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने रविवार को वार्ड में घूम-घूम कर शहर वासियों को नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने हेतु अपील की। आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में उदयपुर शहर की हर तरह से जांच की जाएगी। सर्वेक्षण के दौरान शहर वासियों से मिल कर निगम की विभिन्न कार्य प्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। अतः इस अभियान में शहर वासी उदयपुर को उच्च पायदान पर पहुंचाने में मुख्य भूमिका रखते हैं इसलिए निगम द्वारा जो जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है इसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है। 

आयुक्त को शहर वासियों द्वारा भी पूरी तरह आश्वस्त किया गया कि उनके द्वारा प्रतिदिन गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग पात्रों में इकट्ठा कर कचरा निस्तारण वाहनों में ही डाला जाएगा। और निगम का सहयोग किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा भी उपस्थित रहे।