×

निगम के केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के संबंध में दिशा-निर्देश जारी

1 फरवरी से सभी खरीद केंद्रों पर किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए निगम का स्टाफ मोजूद रहेगा

 

उदयपुर, 30 जनवरी 2024। भारतीय खाद्य निगम मण्डल कार्यालय उदयपुर के अधीनस्थ राजस्व जिलों उदयपुर, डुंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ व राजसमंद में रबी विपणन वर्ष 2024-25 के तहत समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद अधिक से अधिक मात्रा में करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिससे सभी किसानों को अपनी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिल सके। इसके लिए निगम द्वारा इन जिलों में कुल 32 खरीद केन्द्र खोले जाने है।

मण्डल प्रबंधक रवीन्द्र जादम ने बताया कि भारत सरकार एवं भारतीय खाद्य निगम, मुख्यालय, नई दिल्ली के दिशा निर्देशानुसार राजस्थान में भारतीय खाद्य निगम द्वारा संचालित खरीद केन्द्रों पर हर वर्ष की तरह रबी विपणन वर्ष 2024-25 के तहत गेहूं की खरीद का कार्य भारतीय खाद्य निगम डिपो ऑनलाइन सिस्टम के ई-प्रोक्योरमेंट मॉड्यूल के माध्यम से किया जाएगा।

राज्य सरकार द्वारा 20 जनवरी से किसानों का पंजीकरण शुरू हो चुका है, इसके लिए हेतु किसानों को अपना पंजीकरण निर्धारित पोर्टल पर ई-मित्र, अटल सेवा केंद्र एवं अन्य माध्यम से करवाना होगा तथा सरकारी खरीद केंद्रो पर समर्थन मूल्य पर गेंहू खरीद 10 मार्च से शुरू होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार द्वारा इस वर्ष गेहूं की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2275 रुपये प्रति क्विटल के अतिरिक्त राजस्थान सरकार के द्वारा 125 रुपये प्रति क्विटल बोनस निर्धारित किया गया है। जिसे मिलाकर न्यूनतम समर्थन मूल्य 2400 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है।

यदि किसानों को सरकारी खरीद केंद्रो पर कणक/ गेंहू बेचान मे किसी प्रकार की समस्या या कठिनाई आ रही हो तो सहायता हेतु आप हेल्पलाइन नंबर 18001806030 पर संपर्क कर सकते है तथा 1 फरवरी से सभी खरीद केंद्रों पर किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए निगम का स्टाफ मोजूद रहेगा।