×

गुलाब बाग़ टॉय ट्रेन - रेलवे स्टेशन का हुआ शुद्धिकरण

सांकेतिक रूप से शुरुआत

 

उदयपुर। नगर निगम द्वारा सोमवार को गुलाब बाग में टॉय ट्रेन का सांकेतिक रूप से संचालन प्रारंभ किया गया। शुभारंभ के पूर्व महापौर गोविंद सिंह टाक, उप महापौर पारस सिंघवी, गैराज समिति अध्यक्ष मनोहर चौधरी सहित निगम के कई सभी समिति अध्यक्षों, पार्षद आदि ने विधि विधान से हवन कर बनाए गए रेलवे स्टेशन का शुद्धीकरण किया।

नगर निगम गैराज समिति अध्यक्ष मनोहर चौधरी ने बताया कि गुलाब बाग में टॉय ट्रेन की सांकेतिक रूप से शुरुआत सोमवार से की गई। शुरुआत के पूर्व समोर बाग गेट के सामने निर्मित नवीन रेलवे स्टेशन पर हवन पूजन कर स्टेशन का शुद्धिकरण किया गया एवं रेलवे को आमजन हेतु प्रारंभ किया गया। 

कई समय से इसके संचालन को लेकर शहरवासियों में उत्सुकता हो रही थी जो आज जाकर पूरी हुई। कई बार इसको शुरू करने पर अड़चने आई थी। रेलवे में कुछ समय के लिए बच्चों हेतु ₹25 एवं बड़ों हेतु ₹50 शुल्क रखा गया है। पर्यटन एवं शहरवासी गुलाब बाग के प्रमुख स्थानों को रेल में बैठकर देख सकेंगे। 

गौरतलब है कि कई समय से इस प्रोजेक्ट के शुभारंभ में देर हो रही थी। वर्तमान में असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया द्वारा इसे शुरू करने को लेकर कई बार निगम महापौर को निर्देश दिए थे। लेकिन सोमवार का दिन ऐतिहासिक पल रहा जब गुलाब बाग में टॉय ट्रेन का संचालन फिर से प्रारंभ किया गया है। समिति अध्यक्ष मनोहर चौधरी ने बताया कि ट्रेन का विधिवत उद्घाटन असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया द्वारा किया जाएगा।

उप महापौर ने लिया प्रथम टिकट

नगर निगम गैराज समिति अध्यक्ष मनोहर चौधरी ने बताया कि रेल में सफर करने के लिए स्टेशन से प्रथम टिकट महापौर गोविंद सिंह टाक के निर्देश पर नगर निगम उप महापौर पारस सिंघवी ने लिया। सिंघवी ने अपने साथी पार्षद एवं समिति अध्यक्ष को लिए भी टिकट लिया। सभी समिति अध्यक्ष एवं पार्षदों द्वारा रेल का भ्रमण कर मनोरंजन किया गया।

कार्यक्रम में महापौर, उपमहापौर, अतिक्रमण निरोधक समिति अध्यक्ष छोगालाल भोई, विद्युत समिति अध्यक्ष हेमंत बोहरा, राजस्व समिति अध्यक्ष अरविंद जरौली, महिला एवं बाल विकास उन्मूलन समिति अध्यक्ष रेखा ऊंटवाल, उद्यान समिति अध्यक्ष महेश त्रिवेदी, गौशाला समिति अध्यक्ष भंवर सिंह देवड़ा, पार्षद शिल्पा पामेचा, रमेश जैन, देवेंद्र पुजारी, कुसुम पंवार, विद्या भावसार, भरत जोशी, लोकेश कोठारी, पूनम सिंह रावत आदि भी उपस्थित रहे।