×

लेकसिटी पर मेहरबान हुआ मानसून

सीसारमा 1 फिट चली, रात तक वेग बढ़ने की उम्मीद

 

सलूम्बर व जयसमंद में सर्वाधिक 72 मिमी (करीब तीन इंच) बारिश

उदयपुर, 9 सितम्बर 2021। झीलों की नगरी में जाते जाते मानसून के आखिरी दौर में बादलो ने अपनी मेहर बरसाई है। कमजोर मानसून चक्र के चलते झीलों के शहर में इस वर्षा ऋतु में पहली अच्छी बारिश हुई है। सीसारमा नदी के एक फ़ीट चलने के साथ ही पीछोला झील में पानी की आवक शुरू हुई है जिसने झीलों के भरने की आस जगा दी है।

अंचल में येलो अलर्ट के चलते आज सुबह करीब साढ़े दस बजे पर आसमान में घने काले बादल छाए और मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हुआ। इस सीजन में पहली बार मूसलाधार बारिश का यह दौर करीब पौन घंटे तक चला। इसके बाद हल्की फुहारों के बीच फिर तेज वर्षा शुरू हो गई और यह क्रम दोपहर करीब 2 बजे तक चलता । उदयपुर सहित अंचल के केचमेंट क्षेत्रों व कस्बों में भी अच्छी बारिश के समाचार मिले है। सीसारमा नदी के एक फ़ीट वेग से बहने से पीछोला में पानी की आवक थोडी तेज हुई है। इधर, केचमेंट में अच्छी बारिश के चलते सीसारमा का वेग रात तक बढने की संभावना है। बारिश से शहर की सडकों पर दो-दो फ़ीट पानी बहने लगा।

सिंचाई विभाग के बाढ नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक समाप्त बीते 24 घंटों में उदयपुर शहर में 22 मिमी (करीब एक इंच) वर्षा रिकॉर्ड की गई। जिले के सलूम्बर व जयसमंद में सर्वाधिक 72 मिमी (करीब तीन इंच) बारिश हुई। इसके अलावा कोटडा 53, उदयसागर 33, वल्लभनगर 10, बागोलिया 25, मदार 22, नाई 25, अलसीगढ 14, झाडोल 29, स्वरूपसागर 16, ओगणा 19, सेमारी 16, केजड 20 व ऋषभदेव में 24 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।