×

दीपावली की तर्ज पर मनाया जायेगा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

सजेंगे चौराहे, पोल, प्रमुख मंदिर

 

उदयपुर 18 जनवरी 2024 । धर्म नगरी अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को उदयपुर में भव्य रूप से मनाया जायेगा। इस दिन को नगर निगम ने दीपावली की तर्ज पर मनाने का फैसला किया है। इसको लेकर गुरुवार को नगर निगम में महापौर गोविंद सिंह टॉक, आयुक्त राम प्रकाश, उप महापौर पारस सिंघवी, उपयुक्त सुधांशु सिंह ने बैठक आयोजित की।

नगर निगम उप महापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्रीराम लला मंदिर में भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन हो रहा है। इसी को लेकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा इस दिवस को भव्य रूप से मनाने का निर्देश दिया है। निर्देश की पालना में गुरुवार को महापौर गोविंद सिंह टॉक एवं आयुक्त राम प्रकाश की अध्यक्षता में नगर निगम प्रशासनिक समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में निगम की सभी समितियां के अध्यक्ष एवं प्रमुख अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में महापौर ने सभी समिति अध्यक्षों से अपील करते हुए कहा की यह दिन नगर निगम क्षेत्र में भव्य रूप से मनाया जाए।

नगर निगम द्वारा उदयपुर के सभी गेट एवं चौराहे पर भव्य विद्युत सज्जा की जाएगी, साथ ही शहर के सभी प्रमुख मंदिरों पर भी विद्युत सज्जा करवाई जाएगी। नगर निगम द्वारा पूरे शहर में सफाई करवा कर मार्ग के दोनों तरफ रंगीन पट्टी बनाई जाएगी। नगर निगम उपमहापौर सिंघवी ने कहा कि जिस प्रकार नगर निगम द्वारा दीपावली पर्व पर वृहद स्तर पर शहर में सफाई कार्य करवाए जाते हैं इस तरह 22 जनवरी को भी अयोध्या में श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को मनाने हेतु शहर को साफ किया जाएगा।

दुल्हन की तरह सजाया जाएगा शहर

नगर निगम द्वारा 22 जनवरी को श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दिन पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। सभी चौराहों को रंगीन कपड़ो से आकर्षक डेकोरेट कर रंगीली लाइटों से सजाया जाएगा। इस दौरान शहर के लगभग सभी वार्डों में स्थित प्रमुख मंदिरों को भी साफ करते हुए विद्युत सज्जा की जाएगी।

उपमहापौर पारस सिंघवी धान मंडी क्षेत्र में स्तिथ बालाजी मंदिर पर भव्य भंडारा का आयोजन करेंगे, वहीं पार्षद मदन दवे अपने वार्ड क्षेत्र में वार्ड वासियों हेतु प्रसादी का आयोजन करेंगे। इसी तरह छोगालाल भोई अपने वार्ड को रंगीन कपड़ो से सजा कर इस दिवस को यादगार रूप से मनाएंगे। निगम के प्रत्येक वार्ड में वार्ड पार्षदों द्वारा अपने-अपने स्तर पर भव्य आयोजन संपन्न किए जायेंगे।

निगम में आयोजित हुई आवश्यक बैठक

अयोध्या में श्री राम लाल प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मनाने एवं इसकी वृहद स्तर पर तैयारी शुरू करने हेतु नगर निगम प्रशासनिक समिति की आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में इस उत्सव की तैयारी को लेकर विचार विमर्श किया गया और भव्य रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।