×

गीता पटेल को चेयरमैन पद के बाद अब सदस्यता से हटाने की मांग

उदयपुर डेयरी की पूर्व अध्यक्ष के विरोध में उत्पादकों का प्रदर्शन
 

उदयपुर 16 मार्च 2023। जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (उदयपुर डेयरी) में वित्तीय अनियमितताएं मानते हुए चेयरमैन पद से हटाई गयी पूर्व अध्यक्ष डॉ. गीता पटेल  की अब सदस्यता निरस्त कराने को लेकर कच्छेर दुग्ध उत्पादक समिति कार्यालय में प्रदर्शन हुआ। 

प्रदर्शन में प्रशासक अधिकारी से गीता पटेल और उनके पति भीमराम की सदस्यता निरस्त करने की मांग उठी। उत्पादक दूल्हेसिंह सारंगदेवोत, कालू पटेल व देवीलाल का आरोप है कि गीता पटेल और उनके पति लंबे समय से यहां काबिज है इनके पास कोई गाय भैंस नहीं है। जबकि दूध सप्लाई करने वाला ही सदस्य बन सकता है।

बता दें कि दो दिन पहले ही कच्छेर समिति के कुल 10 सदस्यों में से 4 सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया था। इससे न्यूनतम कोरम अल्पमत में आ गया। ऐसे में अतिरिक्त रजि​स्ट्रार ने इसे भंग करते हुए कार्यकारी निरीक्षक हीरालाल मीणा को प्रशासक लगा दिया।

यह था पूरा मामला 

25 अक्टूबर 2022 को राज्य सरकार ने 16 साल से डेयरी संघ के चेयरमैन पद संभाल रही गीता पटेल सहित 42 तत्कालीन पदाधिकारियों को हटाकर उदयपुर कलेक्टर को डेयरी संघ का प्रशासक लगा दिया था।

अब गीता पटेल को ​अगर कोर्ट से राहत नहीं मिली तो उनके सामने फिर से चेयरमैन बनने का संकट खड़ा हो सकता है। क्योंकि संघ चेयरमैन का चुनाव लड़ने के लिए प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का चेयरमैन होने के बाद संघ के 12 संचालक मंडल में सदस्य बनना होता है। इन्हीं 12 में से एक चेयरमैन​ निर्वाचित होता है। गीता पटेल को भाजपा समर्थित माना जाता है और वर्तमान में प्रदेश में कांग्रेस सरकार है।