×

15 अगस्त को प्रताप गौरव केन्द्र पर शुल्क में छूट के साथ पर्यटकों को मिलेगा तिरंगा

बच्चों को तिरंगे बैच प्रदान किए जाएंगे

 

उदयपुर 14 अगस्त 2023 । स्वाधीनता दिवस पर उदयपुर के प्रताप गौरव केन्द्र राष्ट्रीय तीर्थ तिरंगों से सजाया जाएगा। इस अवसर पर प्रताप गौरव केन्द्र दर्शन के शुल्क में छूट रहेगी। शाम को होने वाले वाटर लेजर शो ‘मेवाड़ की शौर्यगाथा’ के शुल्क में भी छूट रहेगी। इसी के साथ, यहां आने वाले पर्यटकों को तिरंगा झण्डा भी प्रदान किया जाएगा। साथ ही, बच्चों को तिरंगे के प्रतीक बैज प्रदान किए जाएंगे।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि स्वाधीनता दिवस पर सुबह ध्वजारोहण किया जाएगा। केन्द्र परिसर को तिरंगों से सजाया जाएगा। तिरंगी रंगोली भी बनाई जाएगी। आने वाले पर्यटकों राष्ट्रध्वज के प्रतीक प्रदान किए जाएंगे। विशेष रूप से बच्चों को तिरंगे बैच प्रदान किए जाएंगे।

निदेशक ने बताया कि स्वाधीनता दिवस पर प्रताप गौरव केन्द्र का शुल्क 160 रुपये के बजाय 50 रुपये रहेगा। प्रताप गौरव केन्द्र के दर्शन का समय सुबह 9.30 बजे से सायंकाल 6 बजे तक रहेगा। इसी तरह, राजस्थान के एकमात्र वाटर लेजर शो ‘मेवाड़ की शौर्यगाथा’ का शुल्क भी 100 रुपये के बजाय 50 रुपये रहेगा।

उन्होंने बताया कि केन्द्र ने समाजों की बैठकों व सामूहिक रूप से भ्रमण पर आने वाली सामाजिक संस्थाओं के लिए भी विशेष छूट के प्रावधान का निर्णय किया है। उल्लेखनीय है कि कई सामाजिक संस्थाएं यहां पर अपनी बैठकों के साथ प्रताप गौरव केन्द्र के दर्शन का आयोजन करती रहती हैं। परिसर में ही भोजन की भी सुविधा उपलब्ध होने से संस्थाओं को सहूलियत भी रहती है।

सक्सेना ने बताया कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप और मेवाड़ की शौर्य गाथा पर आधारित राजस्थान का अपने आप में पहला वाटर लेजर शो लोगों को पसंद आ रहा है। शो के प्रति आकर्षण को देखते हुए आगामी समय में इसके शो बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। अभी शाम 7.30 बजे शो होता है।