×

राजीव गांधी शहरी ओलंपिक 10 जुलाई से

निगम आयुक्त ने ली बैठक, खेल विभाग, शिक्षा विभाग आदि से जुड़े अधिकारी रहे मौजूद

 
निगम आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

उदयपुर। नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत ने जिला कलक्टर ताराचंद मीणा के निर्देश पर राजीव गांधी शहरी ओलंपिक के सफल आयोजन को लेकर निगम कार्यालय में खेल विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निगम सभी प्रमुख विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। 

बैठक में उपायुक्त रागिनी डामोर, जिला परियोजना अधिकारी शैल सिंह सोलंकी, निगम एस ई मुकेश पुजारी, जिला खेल अधिकारी सुनीता भंडारी, शकील अहमद, खेल प्रमोटर अंजली सुराणा, अतिरिक्त माध्यमिक जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश बंसल, नोडल अधिकारी शकील अहमद आदि सम्मिलित हुए।

बैठक में निगमायुक्त ने 10 जुलाई से शुरू हो रहे राजीव गांधी शहरी ओलंपिक के सफल आयोजन को लेकर विचार विमर्श किया एवं इसकी तैयारी को लेकर सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ओलंपिक उदयपुर में 15 मैदानों पर आयोजित होंगे, सभी खेल मैदानों में खेल सामग्री की संपूर्ण व्यवस्था सुचारू उपलब्ध हो इसको लेकर प्रत्येक खेल मैदान पर एक एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। सभी नोडल अधिकारियों को खेल मैदान पर साउंड, स्टेज, जल व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था आदि सभी प्रकार की व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। 

तैयारी को लेकर मैराथन बैठक का हुआ आयोजन

नगर निगम बोर्ड मीटिंग रूम में मुख्यमंत्री बजट घोषणा की पालना में 10 जुलाई से प्रारंभ होने वाले राजीव गांधी शहरी ओलंपिक खेलों की पूर्व तैयारियों के संबंध में आयुक्त नगर निगम वासुदेव मालावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम के समस्त अधिकारी, शिक्षा विभाग एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। 

बैठक में आयुक्त नगर निगम द्वारा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियों को समय अनुसार पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया आयुक्त नगर निगम ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि राज्य सरकार से प्राप्त निर्देशों अनुसार खेल मैदान एवं खेल दलों का गठन कर लिया जाए। बैठक में आयुक्त ने निर्देशित किया कि खेल विभाग के माध्यम से प्रत्येक खेल हेतु प्रत्येक मैदान पर खेल प्रशिक्षक एवं  पीटीआई की ड्यूटी लगा ली जाए।
यह खेल होंगे आयोजित।

बैठक में आयुक्त नगर निगम वासुदेव मलावत ने बताया कि राजीव गांधी शहरी ओलंपिक के अंतर्गत टेनिसबॉल क्रिकेट, एथलेटिक्स (100 M), एथलेटिक्स (200 M), एथलेटिक्स (400 M), कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल आदि खेल का आयोजन किया जायेगा। जिन शहर वासियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु अपना रजिस्ट्रेशन करवा दिया है वह खिलाड़ी समय पर खेल मैदान पर पहुंचकर प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे।