×

गर्मी की छुट्टियों में श्रीनगर, लेह, नैनीताल व शिमला बने पसंदीदा पर्यटक स्थल

संभाग के 60 हज़ार लोग पहली बार श्रीनगर-कश्मीर भ्रमण पर

 

धरती पर स्वर्ग के रूप में लोकप्रिय, कश्मीर बर्फ से ढके पहाड़ों और चमचमाती झीलों से घिरा हुआ, जो कि भारत का लोकप्रिय पर्यटक स्थल है। भारत का यह राज्य जम्मू कश्मीर और लद्दाख जैसे तीन क्षेत्रों में बंटा हुआ है। कश्मीर की खूबसूरती को देखते हुए अक्सर इसे भारत का स्विटज़रलैंड भी कहा जाता है। ये अपनी इसी प्राकृतिक सुंदरता व यहां के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे अमरनाथ और वैष्णों देवी मंदिर के कारण हर साल यहां कई हजारों भारतीय और विदेशी पर्यटक और तीर्थयात्री आते हैं। 

उदयपुर संभाग के बाशिंदों को इस बार गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए श्रीनगर और जम्मू-कश्मीर की वादियां ज्यादा आकर्षित कर रही हैं। पहली बार उदयपुर के लगभग 33 प्रतिशत लोगों के भ्रमण की पहली पसंद जम्मू-कश्मीर-श्रीनगर हैं। बड़ी संख्या में लोग केदारनाथ भी जा रहे हैं। यह टूरिज्म का नया ट्रेंड है। 

इससे पहले मेवाड़-वागड़ के बाशिंदे मुंबई, पुणे, अहमदबाद, सूरत, सोमनाथ, मथुरा-वृंदावन, चेन्नई, रामेश्वरम व बेंगलुरू भ्रमण पर ज्यादा जाते थे। टूर एंड ट्रेवल्स एक्सपर्ट के अनुसार इस साल उदयपुर संभाग के करीब 2.40 लाख लोगों का छुटिट्यों में घूमने का अनुमान है। इनमें से सर्वाधिक 60 हजार लोग जम्मू-कश्मीर और श्रीनगर गए हैं, जो पिछले साल से 30% तक ज्यादा है। इससे कश्मीर जैसे पर्यटक स्थलों में होटलों का किराया भी आसमान छू रहा है। 

25 जून तक चलेगा सिलसिला 

गर्मी में ठंडा-ठंडा (कूल-कूल) एहसास के लिए लोग जम्मू-कश्मीर के अलावा लेह-लद्दाख, केदारनाथ, धर्मशाला, शिमला, गुवाहाटी, बागडोगरा, नैनीताल भी जा रहे हैं। यह सिलसिला करीब 25 जून तक चलेगा। इसके चलते इन सभी पर्यटन स्थलों पर होटलों का किराया 100% तक बढ़ गया है यानी दोगुना हो गया है।  

पिछले साल तक मुंबई, पुणे, सोमनाथ, चेन्नई, रामेश्वरम् थे पहली पसंद, 50 हजार जाते थे। पिछले साल तक उदयपुर संभाग से करीब 1.25 लाख लोग भ्रमण पर जाते थे। इनमें से 50 हजार से ज्यादा लोग मुंबई, पोर्ट ब्लेयर, पुणे, अहमदाबाद, सूरत, सोमनाथ, मथुरा-वृंदावन, चेन्नई, रामेश्वरम् और बेंगलुरू भ्रमण पर जाते थे।

इसके बाद लेह-लद्दाख, धर्मशाला, शिमला, गुवाहाटी, बागडोगरा, नैनीताल दूसरी पसंद थे। इस बार मुंबई, सोमनाथ, मथुरा-वृंदावन, मद्रास, रामेश्वरम और बेंगलुरू के लिए इक्का-दुक्का बुकिंग ही है

एडवांस प्लानिंग करें, 30% तक सस्ता रहेगा जम्मू-कश्मीर घूमना 

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर, धर्मशाला, लेह-लद्दाख, केदारनाथ, शिमला, गुवाहाटी, बागडोगरा, नैनीताल में होटल सर्वाधिक महंगे हैं। भ्रमण से 7 से 10 दिन पहले ऑनलाइन बुकिंग कराने पर ही होटलों में कमरे सामान्य दर जैसे 5000 से 20 हजार रुपए तक में बुक हो रहे हैं। ऐन वक्त पर प्रति कमरा 10 से 40 हजार रुपए तक वसूले जा रहे हैं। 5 से 10 हजार तक में सामान्य और 10 हजार से 40 हजार में लग्जरी कमरे मिल रहे हैं। जो पर्यटक प्लानिंग के साथ टूर पैकेज पर इन स्थलों पर भ्रमण के लिए जा रहे हैं। उनको 30 प्रतिशत तक राहत मिल रही है।