रेलवे आरक्षण कार्यालय दीपावली पर एक पारी में संचालित होंगे
उदयपुर 18 अक्टूबर 2025। दीपावली पर्व के अवसर पर उदयपुर सिटी स्टेशन समेत अजमेर मंडल के सभी आरक्षण कार्यालय 20 अक्टूबर 2025 (सोमवार) को केवल एक पारी में संचालित होंगे। इस दिन कार्यालय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुले रहेंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बीसीएस चौधरी ने इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण चार्ट तैयार करने और करंट बुकिंग के कार्य सामान्य कार्यदिवस की तरह यथावत रहेंगे।
मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक अजमेर अशोक चौहान ने बताया कि यात्रियों को इस विशेष समय का ध्यान रखते हुए अपनी आरक्षण आवश्यकताएँ पूरी करनी चाहिए। इस व्यवस्था का उद्देश्य दीपावली के पर्व में कर्मचारियों और यात्रियों दोनों के लिए सुविधा सुनिश्चित करना है।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे इस दिन आरक्षण कार्यालय के विशेष समय का पालन करें और आवश्यक कार्यों को उसी पारी में संपन्न कर लें।