×

फेस्टिव सीजन को देखते हुए विस्तारा ने शुरू की मुम्बई के लिए अतिरिक्त उड़ान

विमानन कंपनियां उड़ानों में कर रही बढ़ोतरी 

 

उदयपुर.  आने वाले टूरिस्ट सीजन को देखते हुए विमानन कंपनियों ने नए रूट्स पर संचालन और उड़ानों की संख्या में इजाफा करना शुरू कर दिया है। हाल ही में इंडिगो एयरलाइंस ने सूरत और राजकोट के लिए उदयपुर से सीधी उड़ानें शुरू की हैं तो वहीं अब विस्तारा ने भी मुंबई रूट पर अतिरिक्त उड़ान शुरू कर दी है। इसके साथ ही उदयपुर एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या बढ़ गई है, जिससे टूरिस्ट और फेस्टिव सीजन में फायदा मिलेगा। वहीं, यात्रियों के पास भी उड़ानों के एक से ज्यादा विकल्प होंगे।

अब मुम्बई के लिए हो गई 5 उड़ानें

एयर विस्तारा ने मुंबई रूट के लिए ही उदयपुर से अतिरिक्त उड़ान शुरू की है। विस्तारा की उदयपुर से मुंबई और मुंबई से उदयपुर की उड़ान सप्ताह में 'सातों दिन हैं' और ये 28 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। इससे पूर्व विस्तारा की एक उड़ान मुंबई के लिए थी। अब उदयपुर से मुंबई के लिए 5 उड़ानें हो गई हैं। इनमें 2 विस्तारा, 2 इंडिगो और 1 एयर इंडिया की है। पर्यटन व्यवसायी अशोक जोशी ने बताया कि पहले 1 सितंबर से विस्तारा ये फ्लाइट शुरू करने वाला था, लेकिन यात्रियों की सुविधा के लिए पहले ही ये फ्लाइट शुरू कर दी गई है।

अभी यह है उड़ानों की स्थिति

महाराणा प्रताप डबोक एयरपोर्ट से वर्तमान में 10 शहरों के लिए रोजाना 18 उड़ानें हैं। शहरों की बात करें तो अभी उदयपुर से मुंबई, दिल्ली, जयपुर, भोपाल, इंदौर, हैदराबाद, बेंगलुरू, अहमदाबाद, सूरत, राजकोट के लिए उड़ानें संचालित हैं। इसमें मुंबई और दिल्ली के लिए 5-5 उड़ानें हैं। वहीं बाकी शहरों के लिए 1-1 उड़ानें हैं।