सीएमएचओ ने किया 2 सोनोग्राफी केंद्रों का निरीक्षण

प्रदेश सहित जिले में ये सघन निरीक्षण अभियान गत 5 फरवरी से संचालित किया जा रहा है जो 20 फरवरी तक चलेगा

 | 
cmho

भ्रूण लिंग परीक्षण रोकने के कार्य में आमजन की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से मुखबिर योजना संचालित की जा रही है

प्रदेश में पीसीपीएनडीटी अधिनियम की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित सघन निरीक्षण अभियान के अंतर्गत प्राधिकृत अधिकारियों द्वारा उदयपुर जिले में संचालित सोनोग्राफी केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी के तहत सीएमएचओ डॉक्टर दिनेश खराड़ी द्वारा सोनो लेब शोभागपुरा एवं बड़गांव स्थित सरस्वती नारायण अस्पताल के सोनोग्राफी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दल में जिला पीसीपीएनडीटी समन्वयक मनीषा भटनागर भी मौजूद रही।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दिनेश खराड़ी ने बताया कि प्रदेश सहित जिले में ये सघन निरीक्षण अभियान गत 5 फरवरी से संचालित किया जा रहा है जो 20 फरवरी तक चलेगा। अभी तक इस अभियान के अंतर्गत संयुक्त निदेशक डॉ ज़ुल्फ़िकार अली काज़ी द्वारा 23 सोनोग्राफी केंद्रों के निरीक्षण सहित कुल 36 केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है। जिले में कुल 100 सोनोग्राफी केंद्र संचालित है जिनका इस अभियान के अंतर्गत निरीक्षण किया जाएगा।
 

डॉ खराड़ी ने बताया कि पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रत्येक सोनोग्राफी केंद्र का सामान्यतः 90 दिन के अंतराल में निरीक्षण किया जाता है। इस अधिनियम के तहत  भ्रूण लिंग परीक्षण करना या करवाना अथवा सहयोग करना या विज्ञापन करना कानून अपराध होता है। उन्होंने बताया कि भ्रूण लिंग परीक्षण संबंधी सूचना टोल फ्री नंबर 104 या 108 या व्हाट्सएप नंबर 9799997795 पर दी जा सकती है।

गौरतलब है कि भ्रूण लिंग परीक्षण रोकने के कार्य में आमजन की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से मुखबिर योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत भ्रूण लिंग परीक्षण की सत्य सूचना पर तीन लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News