बांसवाडा- 27 सितंबर 2023 की प्रमुख खबरे


बांसवाडा- 27 सितंबर 2023 की प्रमुख खबरे

ज़िले से सम्बंधित खबरे पढ़े उदयपुर टाइम्स पर

 
banswara

बढ़ता मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप 

प्रदेश के 7500 लोगों को डंक मार बीमार किया है, जिसमे 6 लोगों की मौत भी हो चुकी है

बांसवाड़ा, 27 सितम्बर । मच्छरों ने प्रदेश में कहर बरपा रखा है। आलम यह है कि इस वर्ष बीते 244 दिनों में इन मच्छरों ने प्रदेश के 7500 लोगों को डंक मार बीमार किया है। प्रदेश के सभी जिलों की अपेक्षा राजधानी जयपुर में मच्छरों ने सबसे ज्यादा 1123 लोगों को बीमार किया है। इसमें सबसे अधिक जयपुर में डेंगू मच्छर से 1065 लोगों को, मलेरिया से 5 और 53 लोग चिकनगुनिया से पीड़ित हुए हैं। कोटा में भी 953 लोगों को इन मच्छरों ने बीमार किया है। सिर्फ इतना ही नहीं मच्छरों के काटने के बाद बीमार हुए लोगों में 6 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

बांसवाडा में यह है स्थिति

बांसवाडा जिले में भी अभी तक मलेरिया के 20 मामले सामने आ चुके है। वहीं चिकनगुनिया से एक व्यक्ति पीड़ित हो चुका है। मच्छरजनित बीमारियों के लिए सरकार के निर्देश पर कवायद भी की जा रही है। एक ओर जहां पूरे प्रदेश में मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप जारी है। वहीं, विभाग डेंगू के मरीजों की गिनती में एलाइजा टेस्ट का हवाला देकर पल्ला झाड़ता नजर आता है। अधिकारी बताते हैं कि एलाइजा टेस्ट के बाद ही डेंगू के मरीज की गिनती की जाती है। चूंकि विभाग एलाइजा टेस्ट को ही कन्फर्मेशन टेस्ट मानता है। भले ही कार्ड टेस्ट में मरीज में डेंगू के लक्षण मिलें। हालांकि कार्ड टेस्ट में लक्षण मिलने के बाद मरीज को उपचार जरूर दिया जाता है। लेकिन डेंगू से पीड़ित कागजों में नहीं माना जाता है।

मलेरिया से चार गुना ज्यादा खतरनाक

एडीज मच्छर प्रदेश में लोगों को बीमार करने के मामले में डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर मलेरिया फैलाने वाले मादा एनाफिलीज मच्छर से 3.83 गुना अधिक खतरनाक साबित हुआ है। एडीज मच्छर ने पूरे प्रदेश में 3.83 गुना अधिक लोगों को बीमार किया। इस मच्छर के कारण फैले डेंगू से प्रदेश में 6 लोगों की मौत भी हुई।

डेंगू से मौत

चिकित्सा विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर जयपुर में डेंगू से दो मौत हुई है और कोटा, झुंझुनूं, दौसा और टोंक में डेंगू से एक-एक मौत हुई है।

डेंगू ज्यादा भयावह, कर रहा अधिक बीमार

चिकित्सा विभाग की ओर से जारी आंकड़ों पर नजर डालें तो इस वर्ष डेंगू अधिक खतरनाक साबित हो रहा है। इस वर्ष जहां डेंगू के एडीज मच्छर ने 5708 लोगों को डंक मारा वहीं, मलेरिया के मादा एनाफिलीज मच्छर ने 1490 लोगों का काटा।

एडीज

साफ पानी में पनपने वाला यह एडीज मच्छर डेंगू फैलाता है। यह छोटी सी जगह मसलन चाय पीने वाले कप, चम्मच में जमा पानी में भी ब्रीड कर लेता है। यहां अधिकांश सूर्योदय-सूर्यास्त और दिन में काटता है। बचाव के लिए जागरुकता जरूरी है। चिकनगुनिया भी यही मच्छर फैलाता है।

एनाफिलीज

मच्छरों की यह स्पिसीज मलेरिया फैलाने का कारक है। यह साफ बहते पानी में भी ब्रीड कर सकता है। यह भी देखा गया है कि यह स्पिसीज एडीज के ब्रीड करने वाले स्थानों पर भी पनपती है। यह हल्के भूरे रंग का होता है। यह एडीज मच्छर से आकार में थोड़ा बड़ा होता है।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal