Rajsamand-10 अक्टूबर 2024 की प्रमुख खबरे

ज़िले से संबंधित खबरे पढ़े Udaipur Times पर 

 | 
Rajsamand

News-पानी, बिजली, स्वास्थ्य, आधार, शिक्षा सहित हर व्यवस्था परख रहे ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, हर कमी को कर रहे रिपोर्ट

राजसमंद। जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देश पर जिलेभर में निरीक्षणों का दौर जारी है। कलक्टर ने एक नवीन पहल करते हुए जिले की सभी 206 ग्राम पंचायतों में निरीक्षण के दौरान ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को नियुक्त किया था। एक आदेश जारी कर हर ब्लॉक स्तरीय अधिकारी को जिले की दो-तीन पंचायतें निरीक्षण हेतु दी गई थी जिनमें उन्हें पहुँच कर विभिन्न पैरामीटर्स पर निरीक्षण करने हेतु निर्देशित किया गया। कलक्टर की पहल पर डीओआईटी ने भी एक ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया जिसमें सभी जांच करने वाले नोडल अधिकारियों जैसे विकास अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहायक अभियंता, बीसीएमओ, सीबीईओ आदि अधिकारियो को मौके से ही निरीक्षण रिपोर्ट फ़ीड करने के निर्देश दिए गए थे। सोमवार से निरीक्षण का दौर शुरू हुआ और बुधवार तक 160 पंचायतों का निरीक्षण हुआ।

इस दौरान नोडल अधिकारियों ने ग्राम पंचायत में जाकर आधार सेवाएं, आंगनवाड़ी केंद्र, विद्युत सप्लाई, ई मित्र सेवाएं, जल जीवन मिशन, पीएचसी, सीएचसी, पंचायतों में काम-काज, विद्यालायो की स्थिति, वार्डों में साफ-सफाई सहित विभिन्न बिंदुओं पर निरीक्षण कर जानकारी पोर्टल पर अपडेट की। इस दौरान आमेट ब्लॉक में 24, भीम ब्लॉक में 53, देलवाड़ा ब्लॉक में 4, देवगढ़ ब्लॉक में 7, खमनोर ब्लॉक में 11, कुंभलगढ़ ब्लॉक में 19, रेलमगरा ब्लॉक में 24, राजसमंद ब्लॉक में 18 निरीक्षण हुए, इस प्रकार कुल 160 निरीक्षण हुए। जिले में सर्वाधिक 46 निरीक्षण विद्यालयों के हुए। निरीक्षण की रिपोर्ट की अब कलक्टर समीक्षा कर रहे हैं।  

इस पहल से सरकारी कार्यालयों के निरंतर निरीक्षण से प्रशासनिक कार्यों की पारदर्शिता और दक्षता में सुधार हो रहा है। यह सुनिश्चित करता है कि कार्यालयों में सरकारी नीतियों और योजनाओं का सही और समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन हो रहा है। निरीक्षण से कर्मचारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही बढ़ रही है, जिससे लापरवाही की संभावनाएं कम हो रही हैं। साथ ही, आम जनता को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता पर भी निगरानी सुनिश्चित हो पा रही है, जिससे नागरिकों को त्वरित और प्रभावी सेवाएं मिल रही हैं। नियमित निरीक्षण समस्याओं की शीघ्र पहचान कर उनका समाधान करने में भी सहायक साबित हो रहा है, जिससे सरकारी कार्यालयों की कार्यक्षमता में वृद्धि हो रही है।

कलक्टर बालमुकुंद असावा सरकारी कार्यालयों की व्यवस्थाओं को सुधारने को लेकर अत्यंत गंभीर हैं। कलक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित निरीक्षण करें और कर्मचारियों की कार्यशैली पर ध्यान दें। उनका लक्ष्य है कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं में कोई कठिनाई न हो और सभी प्रक्रियाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हों। इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारियों के प्रशिक्षण और विकास पर भी जोर दिया है ताकि वे अपने कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से अंजाम दे सकें। कलक्टर की इस गंभीरता से प्रशासनिक कार्यों में सुधार की दिशा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News