राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन नीति-2024 में महत्वपूर्ण बदलाव
Udaipur Times, Rajasthan News: 24 मई 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा की गई घोषणा के अनुपालना में राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन नीति-2024 में संशोधन की अधिसूचना जारी कर दी गई है। अब इस नीति के तहत तकनीकी अपग्रेडेशन के लिए दिए जाने वाले अधिकतम अनुदान को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने राज्य बजट 2026-27 के तहत वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान इसकी घोषणा की थी।
उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त नीलाभ सक्सेना ने बताया कि तकनीकी अपग्रेडेशन पर दिए जाने वाले अनुदान में वृद्धि से प्रदेश के उद्योग वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप आधुनिक तकनीक को अपना सकेंगे। इससे उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ-साथ गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 4 दिसंबर, 2024 को राजस्थान निर्यात प्रोत्साहन नीति का अनावरण किया था और विभाग द्वारा 8 दिसंबर, 2024 को इसकी अधिसूचना जारी की गई थी। अब निर्यातक उद्यमियों को और अधिक प्रोत्साहन देने के लिए तकनीकी अपग्रेडेशन अनुदान राशि को बढ़ाया गया है।
अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भाग लेने पर 3 लाख रुपये तक का अनुदान
राज्य के उद्यमियों को निर्यातक बनाने के उद्देश्य से लागू की इस नीति के तहत निर्यातकों के दस्तावेजीकरण पर 5 लाख रुपये और तकनीकी अपग्रेडेशन पर एक करोड़ रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी पर 3 लाख रुपये तक का अनुदान और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फीस पर 2 लाख रुपये तक का पुनर्भरण किया जाता है।
