सलूंबर में बेकाबू पिकअप पलटी, 12 घायल

 | 
Pickup Overturn in Salumber

 

Udaipur Times, Salumber News: सलूंबर जिले के सेमारी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में 12 लोग घायल हो गए, जिनमें 8 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल हैं। एक महिला की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। गंभीर घायलों को उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया।

सेमारी थानाधिकारी हरिशंकर कटारा के अनुसार, पिकअप में करीब 24 लोग सवार थे। सभी झालमपुरा से चामुंडा माताजी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क से नीचे पत्थरों व झाड़ियों के बीच गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई महिलाएं और बच्चे घायल हो गए। उनके सिर, चेहरे, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को पिकअप से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News