बेकाबू टैंकर ने 12 वाहनों को मारी टक्कर

पलटने से केमिकल रिसाव

 | 

उदयपुर 2 अप्रैल 2026। शहर में देबारी हाईवे पर पावर हाउस के सामने एक बेकाबू टैंकर ने 12 से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए और दो कार व बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। दुर्घटना में करीब 6 लोग घायल हुए हैं। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया।

प्रतापनगर थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित के अनुसार, बेकाबू टैंकर ने 4 से 5 कार, लोडिंग टेंपो और बाइक समेत कई वाहनों को चपेट में लिया। प्रारंभिक जांच में टैंकर के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

इसी दौरान उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे पर एक अन्य घटना में केमिकल से भरा टैंकर पलट गया। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में पावर हाउस के पास आर्ची गेलेक्सी के सामने सुबह करीब 11 बजे टायर फटने से टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और रॉन्ग साइड जाकर पलट गया।

टायर फटने से जोरदार धमाका हुआ और टैंकर पलटते ही सड़क पर केमिकल का रिसाव शुरू हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर दो फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। केमिकल को सड़क से साफ कराया गया और कुछ समय के लिए यातायात बंद रखा गया। रास्ता साफ होने के बाद ही वाहनों की आवाजाही बहाल की गई।

#Udaipur #Rajasthan #AccidentNews #HighwaySafety #BreakingNews #IndiaNews #UdaipurUpdates #RajasthanPolice #TrafficAlert

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal