अंबेरी पुलिया के पास भीषण सड़क हादसा, 2 की मौत, 1 घायल

 तेज रफ्तार कार आगे चल रहे 407 मिनी ट्रक के पीछे जा घुसी
 | 
Accident

उदयपुर 15 मई 2026। शहर से सटे अंबेरी पुलिया के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे 407 मिनी ट्रक के पीछे जा घुसी।

पुलिस के अनुसार हादसा सुखेर थाना क्षेत्र में पिंडवाड़ा हाईवे स्थित अंबेरी पुलिया के पास रात करीब सवा दस बजे हुआ। बताया जा रहा है कि मिनी ट्रक में टेंट का सामान भरा हुआ था। बेरियर के पास ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सुखेर थानाधिकारी भरत योगी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं 108 एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतकों की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार कार सवार लोग झालावाड़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News