Update: खेरवाड़ा में नदी में गिरी कार, 3 की मौत, तीसरे का शव 16 घंटे बाद मिला
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया, तीसरे व्यक्ति का शव 16 घंटे बाद मिला
उदयपुर 26 अगस्त 2025। ज़िले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। एक महिंद्रा टीयूवी कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। कार में पांच लोग सवार थे। इनमें से दो व्यक्ति शीशा तोड़कर बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि तीन लोग अंदर ही फंस गए।
सूचना पर राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया। कार से दो व्यक्तियों के शव बरामद कर पुलिस को सौंपे गए।

कार खेरवाड़ा से बायड़ी गांव जा रही थी। हादसे के बाद ऋषभदेव डिप्टी राजीव राहर, खेरवाड़ा एएसआई दिग्विजय सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। सोमवार रात रेस्क्यू अभियान चलाकर कार के साथ दो शव बाहर निकाले गए थे। वहीं तीसरे व्यक्ति की तलाश रातभर जारी रही। आखिरकार मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे, यानी लगभग 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग उदयपुर और एसडीआरएफ की टीम ने शव को ढूंढ निकाला और खेरवाड़ा पुलिस को सुपुर्द किया।
गौरतलब है कि उदयपुर में बीते तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और हादसों का खतरा बढ़ गया है।

रेस्क्यू अभियान में वाहन चालक प्रकाश राठौड़, गोताखोर मनोज, विपुल, भवानी शंकर, विजय नकवाल, दिनेश गमेती और बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया शामिल रहे।
#Udaipur #Kherwara #AccidentNews #Rajasthan #UdaipurNews #CarAccident #SDRF #RescueOperation
