तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराई,दो युवकों की मौत
दरौली स्थित आवरी माता मंदिर के पास हुआ हादसा
उदयपुर 3 अप्रैल 2026। उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सिक्सलेन हाईवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा गुरुवार रात करीब 8:30 बजे दरौली स्थित आवरी माता मंदिर के पास हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज गति में था और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही डबोक थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। वाहन के दरवाजे तोड़कर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। हादसे के समय मृतक विनोद स्कॉर्पियो चला रहा था और उसके साथ आगे की सीट पर दिनेश बैठा था।
थानाधिकारी गोपालनाथ ने बताया, “खरसान, खेरोदा निवासी विनोद मेनारिया (36) और धरियावद निवासी दिनेश मीणा (23) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उदयपुर शहर निवासी शाहरुख खान (25) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।”
पुलिस के अनुसार तीनों युवक उदयपुर की ओर आ रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
#Udaipur #Accident #RajasthanNews #BreakingNews #AccidentNews #RoadSafety #UdaipurNews #HighwayAccident
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
